दुर्ग : खंडहर में मिली युवक की सड़ी-गली लाश: घरेलू विवाद के बाद हत्या की आशंका से ग्रामीणों में फैली दहशत...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक के ग्राम दरबारमोखली में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। गांव के एक खंडहरनुमा मकान में एक युवक की सड़ी-गली (डिकम्पोज) लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजे को तोड़कर बड़ी मशक्कत से शव को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच में जुट गई है।

चार दिन पुरानी लाश, सिर पर पड़े कीड़े:

पाटन SDOP आशीष बंछोर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक एक्सपर्ट को मौके पर बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि शव लगभग चार दिन पुराना है। शव की स्थिति इतनी खराब थी कि सिर पर कीड़े पड़ गए थे। गांव में पूछताछ के दौरान पता चला कि मृतक टिकेश्वर देशमुख (30 वर्ष) अपनी पत्नी और सास के साथ ससुराल में रहता था। टिकेश्वर मूलतः मरोदा का रहने वाला था और उसकी पत्नी से अक्सर विवाद होते रहते थे। घटना के बाद उसकी पत्नी अनीता देशमुख और सास भारती वर्मा घर में ताला लगाकर फरार हो गईं, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई है।

दूसरी शादी बना विवाद का कारण?

सीएसपी द्वारा की गई पूछताछ में गांव वालों से मिली जानकारी के अनुसार, टिकेश्वर की यह दूसरी शादी थी। उसकी पत्नी अनीता को पहले पति से दो बच्चे हैं और वह अपनी मां के साथ गांव में रहती थी। टिकेश्वर शादी के बाद उनके साथ ही रहने लगा था, लेकिन पति-पत्नी के बीच विवाद की घटनाएं लगातार होती रहती थीं। कुछ दिनों पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद से ही टिकेश्वर का कोई अता-पता नहीं था।

साजिश या अचानक हुआ हमला?

पुलिस की जांच में शक जताया जा रहा है कि घर में हुए किसी विवाद के बाद टिकेश्वर पर अचानक गुस्से में आकर किसी भारी वस्तु से सिर पर वार किया गया हो। इसके बाद उसे घर के कमरे से आंगन में खींचा गया और फिर खंडहरनुमा मकान तक घसीटकर ले जाया गया। घटना स्थल पर एक बोरा भी मिला है, जिसमें खून लगा हुआ था, जो इस थ्योरी को और भी मजबूती देता है। 

ग्रामीणों में भय और पुलिस की कड़ी जांच

गांव में इस घटना के बाद से दहशत का माहौल है। ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं और पुलिस मामले की कड़ाई से जांच कर रही है। टिकेश्वर की पत्नी और सास के फरार होने से मामला और पेचीदा हो गया है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।

यह सनसनीखेज मामला हर किसी के लिए एक चेतावनी की तरह है कि घरेलू विवाद किस हद तक खतरनाक हो सकता है। पुलिस अब हर पहलू की जांच कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही इस मामले में किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकेगा।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS