CG : क्राइम ब्रांच के भेष में पुजारी के घर से 1.3 करोड़ की डकैती, यजमान ने पुजारी के घर जरुरी दस्तावेज है कहकर पेटी रखवाई , डकैती के बाद पता चला उसमे थे करोड़ो रूपये , जांच में जुटी पुलिस....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग , बिलासपुर में एक हैरान कर देने वाली घटना में, कुछ बदमाशों ने एक पुजारी के घर से 1 करोड़ 30 लाख रुपये की डकैती कर ली। यह डकैती और भी चौंकाने वाली इसलिए है, क्योंकि बदमाशों ने खुद को क्राइम ब्रांच के अधिकारी बताकर वारदात को अंजाम दिया। इस गिरोह में 4-5 पुरुषों के साथ 2 महिलाएं भी शामिल थीं। 

घटना उस समय घटी जब पुजारी की पत्नी गोमती घर पर अकेली थीं। बताया जा रहा है कि ये बदमाश दोपहर 12 बजे सिरगिट्‌टी थाना क्षेत्र में स्थित पुजारी के घर पहुंचे। उन्होंने पुजारी की पत्नी को बंधक बनाकर घर में रखी एक बंद पेटी उठाई और फरार हो गए। बाद में जब पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई, तब पता चला कि पेटी में 1 करोड़ 30 लाख रुपये थे।

पुजारी, कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि इस पेटी को उनके यजमान विद्याप्रकाश पांडेय ने लगभग छह महीने पहले उनके घर पर रखा था। पारिवारिक परेशानियों के चलते विद्याप्रकाश ने पूजा-पाठ कराने के लिए पुजारी से संपर्क किया था, जिसके बाद दोनों के बीच अच्छे संबंध बन गए थे। विद्याप्रकाश ने अपनी पत्नी, बेटे, बहू और नाती के साथ पुजारी के घर आकर यह पेटी सौंपी थी, जिसमें ताला लगा हुआ था। उसने कहा था कि वह इसे बाद में अपने घर ले जाएगा।

चौंकाने वाली बात यह है कि पुजारी को भी पेटी के अंदर रखी इतनी बड़ी रकम का अंदाजा नहीं था। उनके अनुसार, उन्होंने कभी पेटी को खोलकर देखा ही नहीं, क्योंकि इसकी चाबी विद्याप्रकाश के पास ही थी। अब पुलिस इस डकैती के आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है, और मामले की जांच कर रही है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS