भिलाई ली पत्रिका न्यूज़ : छग, सारंगढ़ एक हैरान करने वाली घटना में, तेज बारिश के दौरान एक महिला महानदी में गिर गई और तेज बहाव में बहते हुए 20 किलोमीटर दूर ओडिशा पहुंच गई। वहां, ओडिशा के पलगढ़ा क्षेत्र में मछली पकड़ने गए मछुआरों ने महिला को नदी में संघर्ष करते हुए देखा। बिना समय गंवाए, मछुआरों ने साहस दिखाते हुए महिला को गहराई से निकालकर उसकी जान बचाई।
चौंकाने वाली घटना
ओडिशा के झारसुगड़ा थाना क्षेत्र के पुसल्दा गांव के मछुआरों के अनुसार, महिला के दोनों पैरों में लोहे की जंजीरें बंधी हुई थीं। बावजूद इसके, वह 20 किलोमीटर की धारा में बहती रही और जीवित बच गई। महिला की पहचान सरोजनी रणवीर के रूप में हुई है, जो नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया थाना क्षेत्र के कोर्रा गांव की निवासी है।
मछुआरों ने बताया कि जब उन्होंने महिला को बहते देखा, तो सभी ने तुरंत एकजुट होकर उसे बचाने का निर्णय लिया। महिला को सुरक्षित निकालने के बाद, उसे खाना, पानी और कपड़े दिए गए। मछुआरों ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी, और उसके पैरों में बंधी जंजीरें भी इस बात की ओर इशारा कर रही थीं।
ओडिशा पुलिस ने तुरंत छत्तीसगढ़ की सारंगढ़ पुलिस से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी। सारंगढ़ पुलिस महिला को वापस लाने के लिए ओडिशा रवाना हो गई। महिला अब पूरी तरह से स्वस्थ है और उसे उसके गांव वापस भेजने की तैयारी की जा रही है।
इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया है कि कैसे एक महिला इतनी लंबी दूरी तक बहने के बावजूद जीवित बच गई। यह घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है और मछुआरों द्वारा दिखाए गए साहस की सराहना की जा रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/E3wRU9CCyvFB5tbZKEAqQ7

