CG : द बस्तर मड़ई: सोशल मीडिया के जरिए बस्तर की विरासत को वैश्विक मंच पर लाने प्रमोशन करेंगे देश भर के सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग , बस्तर के अनोखे सौंदर्य और सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक पटल पर पहुंचाने के लिए एक नई पहल की शुरुआत हुई है। ‘‘द बस्तर मड़ई‘‘ नामक इस अभियान के तहत, देशभर से आए सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स ने बस्तर के विभिन्न आकर्षणों का प्रमोशन करने का बीड़ा उठाया है। हाल ही में बस्तर के आसना स्थित बादल अकादमी में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने इन सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स के साथ बैठक की, जिसमें ‘‘द बस्तर मड़ई‘‘ कॉन्सेप्ट को विस्तार से प्रस्तुत किया गया।

बस्तर के कलेक्टर, विजय दयाराम के., ने इस अवसर पर बताया कि बस्तर दशहरा, जो करीब 75 दिनों तक चलता है, केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है। इस लंबे अवधि में बस्तर के प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों, एडवेंचर साइट्स, और सांस्कृतिक धरोहरों को प्रमोट करने के लिए ‘‘द बस्तर मड़ई‘‘ का कॉन्सेप्ट तैयार किया गया है। इस कॉन्सेप्ट के तहत बस्तर के विविध स्थलों को विभिन्न रंगों के माध्यम से दर्शाया गया है – नीला रंग जल से संबंधित स्थलों के लिए, हरा रंग जंगलों के लिए, भूरा रंग गुफाओं और पुरातात्विक स्थलों के लिए, पीला रंग आदिवासी संस्कृति और हाट-बाजार के लिए, और लाल रंग बस्तर की आध्यात्मिक शक्ति और दशहरा के लिए।

इस अभियान के तहत, सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स बस्तर के 42 प्रमुख पर्यटन स्थलों का दौरा करेंगे, जिसमें दशहरा के साथ-साथ अन्य आकर्षण भी शामिल होंगे। इन स्थानों के भ्रमण के दौरान, ये इनफ्लुएंसर्स अपने अनुभवों को सोशल मीडिया पर साझा करेंगे, जिससे बस्तर को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान मिल सके।

बस्तर के धुरवा जनजाति के सम्माननीय अंगवस्त्र ‘धुरवा तुवाल’ से सम्मानित किए गए इन इनफ्लुएंसर्स ने बस्तर के बारे में जानने और इसे प्रमोट करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पारम्परिक लोक नृत्य और गोंडी लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने भी बस्तर की सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत कर दिया।

‘‘द बस्तर मड़ई‘‘ के माध्यम से बस्तर का यह अद्वितीय पहलू अब देश-दुनिया के सामने उजागर होगा, और बस्तर को एक नए पर्यटन हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS