भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग सारंगढ़ , पूर्व विवादित प्राचार्य एल.पी. पटेल को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर पुनः नियुक्त करने के आदेश के बाद पूर्व छात्रों में भारी नाराजगी और असंतोष फैल गया है। इन छात्रों का कहना है कि पटेल पर कई गंभीर आरोप हैं और उन्हें पहले भी प्रशासनिक कार्रवाइयों का सामना करना पड़ा है।
पूर्व प्राचार्य एल.पी. पटेल को उनके कार्यकाल में अनेक आरोपों का सामना करना पड़ा, जिनमें अपने पद का दुरुपयोग कर बेटी को परीक्षा नियमों के विपरीत लाभ दिलाना, छात्रों को बोर्ड परीक्षा से वंचित करना और उन्हें प्रताड़ित करना शामिल है। इन आरोपों के चलते उनका स्थानांतरण कापन, जांजगीर जिला किया गया था, जहाँ उनके व्यवहार में कोई सुधार नहीं देखा गया। वहाँ भी उन्होंने अवैध रूप से 500-500 रुपये वसूले, जिसके कारण उन्हें पुनः निलंबित किया गया था।
पटेल को इसके बाद धनसिर में प्राचार्य के पद पर बहाल किया गया था, लेकिन अब उन्हें प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर नियुक्त करने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले के विरोध में छात्रों ने अपना विरोध जताया है। पूर्व छात्रों का कहना है कि उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन न करने और जिला प्रशासन के विरोध के बावजूद उन्हें इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है, जो कि निंदनीय है।
छात्र संगठन ने 27 अगस्त 2024 से सारंगढ़ के भारत माता चौक में अनिश्चितकालीन विरोध प्रदर्शन और हड़ताल करने की योजना बनाई है। इस संदर्भ में उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी, सारंगढ़ व सीटी कोतवाली थाना प्रभारी को सूचित किया है, और साथ ही जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन सौंपा है। छात्रों का आग्रह है कि प्रशासन पूर्व के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस नियुक्ति को रद्द करे, अन्यथा विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS


