भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :फ्रांस के एक छोटे से शहर अविन्यां में सामने आए एक मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले ने न केवल न्यायिक प्रणाली बल्कि समाज के नैतिक मूल्यों को भी कठघरे में खड़ा कर दिया है। 71 वर्षीय एक सेवानिवृत्त व्यक्ति, डोमिनिक पी., पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी को नशे की दवा देकर बेहोश किया और फिर सैकड़ों अजनबियों (लगभग 83 )को उसके साथ बलात्कार करने के लिए बुलाया। यह घिनौना अपराध 10 वर्षों तक चलता रहा, जिसके दौरान 50 अन्य पुरुषों ने भी इस जघन्य कृत्य में भाग लिया। इन आरोपियों में से कुछ पत्रकार, फोर्कलिफ्ट ड्राइवर, फायर ब्रिगेड अधिकारी और कंपनी के मालिक थे।
अपराध का खुलासा: अश्लील वीडियो बनाते हुए पकड़ा गया दरिंदा पति
मिडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डोमिनिक पी. की आपराधिक गतिविधियों का पर्दाफाश तब हुआ जब सितंबर 2020 में उसे एक शॉपिंग सेंटर में तीन महिलाओं की स्कर्ट के नीचे से अश्लील वीडियो बनाते हुए एक सुरक्षा गार्ड ने पकड़ लिया। इस घटना के बाद जब पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए।
पुलिस को डोमिनिक के कंप्यूटर से उसकी पत्नी की सैकड़ों तस्वीरें और वीडियो मिले, जिनमें वह बेहोश पड़ी थी। यह दृश्य इतना भयानक था कि महिला को वस्तु की तरह इस्तेमाल किया गया था, उसकी आत्मा को सालों तक रौंदा गया। इन तस्वीरों में स्पष्ट रूप से दिख रहा था कि उसे उसके ही घर में बार-बार निशाना बनाया गया।
महिला को 10 साल तक नहीं थी इस अत्याचार की जानकारी
इस अपराध का सबसे भयानक पहलू यह था कि पीड़ित महिला को इस अत्याचार के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। डोमिनिक पी. ने उसे इतनी ज्यादा मात्रा में नशे की दवा दी थी कि वह पूरी तरह से बेहोश रहती थी। उसे बिल्कुल भी होश नहीं था कि उसके साथ क्या हो रहा है। महिला के वकीलों के अनुसार, उसे 2020 में ही इस पूरे मामले का पता चला, जब पुलिस ने उसकी तस्वीरें और वीडियो बरामद किए।
पति ने किया अपने अपराध का कबूलनामा
डोमिनिक पी. ने पुलिस के सामने कबूल किया कि उसने अपनी पत्नी को ट्रैंक्विलाइज़र दिए थे और अजनबियों को इंटरनेट साइटों के जरिए अपने घर बुलाया था। उसने न केवल इन अपराधों में हिस्सा लिया, बल्कि अन्य पुरुषों को भी प्रोत्साहित किया और उनके द्वारा किए गए बलात्कार के वीडियो बनाए। सरकारी वकीलों के अनुसार, 2011 में पेरिस के पास रहने के दौरान शुरू हुए इस अपराध को दंपति के माजान चले जाने के बाद भी जारी रखा गया।
न्याय और सामाजिक व्यवस्था पर बहस
इस घटना के खुलासे ने पूरे फ्रांस में नाराजगी फैला दी है। लोग मांग कर रहे हैं कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए। यह मामला न केवल फ्रांस की न्याय प्रणाली की परीक्षा ले रहा है, बल्कि समाज के उन नैतिक मूल्यों पर भी सवाल खड़ा कर रहा है जो ऐसी घटनाओं को रोकने में असमर्थ साबित हो रहे हैं।
पीड़ित महिला की मांग: न्याय और जागरूकता
पीड़ित महिला अपने तीन बच्चों के साथ अदालत पहुंची और उसने बंद दरवाजे के पीछे सुनवाई नहीं चाही। वह चाहती है कि इस मामले को पूरी तरह से सार्वजनिक किया जाए ताकि ऐसी घटनाएं फिर कभी न हों। महिला के वकीलों का कहना है कि उनके मुवक्किल के लिए यह मुकदमा एक भयानक परीक्षा की तरह होगा, क्योंकि उसे उन बलात्कारों को याद करना होगा जिन्हें उसने 10 वर्षों तक सहन किया है। हालांकि, वह चाहती है कि इस मामले को व्यापक जागरूकता के लिए सार्वजनिक किया जाए।
सामाजिक मानदंडों पर उठे सवाल
इस मामले ने फ्रांस में एक बड़ी बहस को जन्म दिया है। नारी सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को लेकर लोग चिंतित हैं। कई लोग मांग कर रहे हैं कि इस तरह के अपराधों के लिए कानून में कठोर प्रावधान जोड़े जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो सकें। आखिर एक पति अपनी पत्नी के साथ ऐसे कैसे कर सकता है?
यह एक ऐसा अपराध है जिसने मानवता की गिरावट की पराकाष्ठा को उजागर किया है। फ्रांस में इस मामले के बाद एक नई जागरूकता की लहर दौड़ पड़ी है, जिसमें समाज को अपने मूल्यों और मानदंडों पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS

