भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग, केंद्रीय जेल दुर्ग में एक विचाराधीन बंदी की मौत ने जेल प्रशासन और परिजनों के बीच तनाव को जन्म दिया है। एनडीपीएस (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट) के तहत गिरफ्तार 26 वर्षीय सुंदरजीत, जो पिछले 10 महीने 25 दिनों से जेल में निरुद्ध था, की अचानक मृत्यु हो गई। घटना के अनुसार, कल सुबह करीब 7:00 बजे वह अपनी बैरक में बिस्तर के पास अचेत अवस्था में पाया गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल, दुर्ग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुंदरजीत की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन बड़ी संख्या में अस्पताल की मरच्यूरी पहुंचे और उन्होंने वहां जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि सुंदरजीत की मौत के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई और यह घटना संदिग्ध लगती है। मृतक के रिश्तेदार राजन सागर ने बताया कि कुछ दिन पहले ही उसकी बुआ सुंदरजीत से मिलकर गई थी, और तब उसकी स्थिति सामान्य थी।
जेल अधीक्षक मनीष संभाकर ने जानकारी दी कि सुंदरजीत पर गांजा तस्करी के आरोप में पाटन थाना क्षेत्र के तहत कार्रवाई की गई थी। 26 अक्टूबर 2023 को उसे दुर्ग जेल में निरुद्ध किया गया था। घटना के दिन सुबह करीब 6:15 बजे वह बैरक से बाहर निकला था और लगभग 7:00 बजे वापस बैरक में लौटने के बाद गिर पड़ा।
सुंदरजीत की किसी भी प्रकार की मेडिकल हिस्ट्री नहीं थी, और उसकी मौत के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल, इस मामले में परिजनों द्वारा न्यायिक जांच की मांग की जा रही है| ताकि घटना की सच्चाई का पता लगाया जा सके।परिजनों के हंगामे और आरोपों के बीच, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब सबकी नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और न्यायिक जांच पर टिकी हैं, जो इस घटना के रहस्य से पर्दा उठा सकती हैं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS

