रायपुर एम्स में आत्महत्या की चौंकाने वाली घटना: 3 दिन पहले अस्पताल से लापता हुए मरीज की लाश झाड़ियों के पीछे मिली...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग , रायपुर, एम्स कैम्पस में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। टाटीबंध स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की चारदीवारी के पास एक अधेड़ मरीज की लाश फांसी के फंदे पर झूलती मिली। मृतक की पहचान रीवा (मध्यप्रदेश) निवासी महेन्द्र कुमार उपाध्याय के रूप में हुई, जो तीन दिन पहले अस्पताल के आपात चिकित्सा कक्ष से लापता हो गए थे।

मानसिक स्थिति थी अस्थिर

महेन्द्र कुमार उपाध्याय के परिजनों ने बताया कि वे मानसिक स्थिति से परेशान थे, जिसके कारण उन्हें रायपुर एम्स इलाज के लिए लाया गया था। उनके दो बेटे भी साथ में थे। 6 सितंबर को मरीज की गुमशुदगी की रिपोर्ट आमानाका थाने में दर्ज करवाई गई थी। इसके बाद पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने मिलकर उनकी तलाश शुरू की।

 झाड़ियों के पीछे मिली लाश

9 सितंबर की सुबह पुलिस ने एम्स के सिक्योरिटी स्टाफ को निर्देश दिए कि वे अस्पताल कैम्पस के सुनसान हिस्सों में खोजबीन करें। इसी दौरान, चारदीवारी के पास स्थित एक शेड के पीछे की टिन की झोपड़ी में उनकी लाश मिली। आसपास झाड़ियां होने के कारण यह जगह दूर से दिखाई नहीं दे रही थी।

सीसीटीवी फुटेज से खुलासा

आमानाका थाना पुलिस ने एम्स के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की, लेकिन मरीज कैम्पस से बाहर जाते हुए नहीं दिखे। पुलिस ने 5 और 6 सितंबर की दरम्यानी रात के 12 घंटे के रिकॉर्ड चेक किए, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी आधार पर पुलिस ने एम्स कैम्पस के भीतर गहन जांच की और शव का पता चला।

परिजनों से पूछताछ जारी

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ कर रही है। मामले की जांच की जा रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या किसी और कारण से मौत हुई है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS