मुख्यमंत्री साय की पहल पर 3700 से अधिक सरकारी पदों पर भर्तियों की प्रक्रिया तेज, युवाओं के लिए सुनहरे अवसर....

 भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों का द्वार खोल दिया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सक्रिय पहल के चलते विभिन्न सरकारी विभागों में कुल 3737 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को हरी झंडी मिल गई है। यह कदम प्रदेश के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विभागों द्वारा प्रारूप बनाने से लेकर शासन से स्वीकृति तक के कार्य में जुट चुके है|

भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत

वित्त विभाग ने अब तक 8 प्रमुख विभागों में भर्ती के लिए मंजूरी दे दी है। स्वास्थ्य, गृह, वन, कृषि जैसे महत्वपूर्ण विभागों में भर्तियों की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार, यह प्रक्रिया निरंतर रूप से जारी रहेगी ताकि छत्तीसगढ़ के युवाओं को नौकरी के बेहतरीन अवसर मिल सकें। 

अधिकतम आयु सीमा में राहत

युवाओं को और भी राहत देने के लिए, मुख्यमंत्री की पहल पर सरकार ने पुलिस विभाग और अन्य शासकीय भर्तियों में अधिकतम आयु सीमा में पाँच वर्ष की छूट देने का फैसला किया है। इससे प्रदेश के युवाओं को नौकरी पाने के लिए एक और मौका मिलेगा।

विभिन्न विभागों में पदों का विवरण

1. लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग : उप अभियंता (सिविल) के 118 और उप अभियंता (विद्युत/यांत्रिकी) के 10 पदों सहित कुल 181 पदों की भर्ती की मंजूरी मिल चुकी है।

   2. गृह विभाग : सूबेदार, उप पुलिस निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, प्लाटून कमांडर और नगर सैनिक के 1,069 पदों पर भर्ती के लिए मंजूरी दी गई है।

   3. स्वास्थ्य विभाग: चिकित्सा अधिकारी, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी और स्टॉफ नर्स सहित 1201 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।

4. आदिम जाति कल्याण विभाग : छात्रावास अधीक्षक के 300 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।

5. वन विभाग : वन रक्षक सहित अन्य पदों के 66 पदों की भर्ती प्रक्रियाधीन है।

6. कृषि विभाग: ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के 321 पदों पर भर्ती का मार्ग खुला है।

7. पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग: आजीविका मिशन के तहत विभिन्न संवर्गों के 237 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है।

8. विधि विभाग: न्यायालयों में व्यवहार न्यायाधीश और अन्य पदों के लिए कुल 362 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। 

युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर

छत्तीसगढ़ सरकार की यह पहल न केवल प्रदेश के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करेगी, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था और विकास में भी अहम योगदान देगी।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS