भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग, अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस अभियान की शुरुआत 5 सितंबर को तब हुई, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पिन्तू कुमार साहनी, ओडिशा से गांजा लाकर अवैध रूप से बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही दुर्ग पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला और पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग के निर्देशन में एक टीम बनाई गई, जिसने तत्परता से कार्रवाई शुरू की।
पुलिस टीम ने भिलाई खुर्सीपार स्थित गणेश मंदिर के पास छापा मारा। मौके पर जी. सरोजनी और पिन्तू कुमार साहनी को हिरासत में लिया गया। उनके मकान से करीब 32 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसे अलग-अलग पुड़ियों में रखा गया था। इसके साथ ही पुलिस ने पिन्तू से 3 मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की।
पूछताछ के दौरान पिन्तू ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा मंगवाता है, जिसे बाद में अलग-अलग जगहों पर सप्लाई किया जाता है। इसके बाद, पुलिस ने अजय साहनी, अजय प्रसाद और ए.बी. साहनी नामक अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया, जिनके पास से दो लग्जरी कारों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद किया गया। कुल मिलाकर 45.145 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 4.5 लाख रुपये आंकी गई, बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, यह पहली बार है कि दुर्ग जिले में गांजा तस्करी का "फॉरवर्ड" और "बैकवर्ड लिंक" स्थापित कर कार्रवाई की गई है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस) एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
इस पूरी कार्रवाई में खुर्सीपार थाना प्रभारी युवराज साहू, एएसआई यशवंत श्रीवास्तव, नागेन्द्र बंछोर, और आरक्षक हर्षकांत देवांगन व अमन शर्मा ने विशेष भूमिका निभाई। अब आरोपियों के बैंक खातों को होल्ड करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि अवैध रूप से कमाए गए धन को जब्त किया जा सके।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS

