भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग, दुर्ग पुलिस द्वारा नशे के अवैध व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे संकल्प अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट (ACCU) और थाना भिलाई नगर की संयुक्त कार्रवाई में एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 5 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 50,000 रुपये आंकी गई है।
नशे के सौदागरों पर पुलिस की पैनी नजर
जिले में नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए दुर्ग के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला (भारतीय पुलिस सेवा) ने विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत अवैध नशे के कारोबारियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी निर्देश का पालन करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (भिलाई शहर) सुखनंदन राठौर, उप पुलिस अधीक्षक (अपराध) हेम प्रकाश नायक, और नगर पुलिस अधीक्षक (भिलाई नगर) सत्यप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई
ACCU प्रभारी निरीक्षक तापेश नेताम और थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जो इस मामले पर लगातार नजर रख रही थी। पुलिस की टीम ने जेल से रिहा हुए पुराने नशा कारोबारियों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी। इस दौरान पुलिस को एक मुखबिर से जानकारी मिली कि एक व्यक्ति, जिसकी उम्र 40 से 45 साल है, सेक्टर 7, छत्तीसगढ़ ग्रंथालय के पास बोरे में गांजा लेकर बेचने की फिराक में है।
गिरफ्तारी और जब्ती
मुखबिर द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने सेक्टर 7 में संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम रिजवान खान, उम्र 44 साल, निवासी भिलाई, बताया। जब उसके पास मौजूद सफेद बोरे की तलाशी ली गई, तो उसमें से 5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना भिलाई नगर में अग्रिम कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल अभियान में ACCU के सउनि पूर्ण बहादुर, आरक्षक राजकुमार चन्द्रा, अश्वनी यदु, चित्रसेन, अजय ढीमर, विक्रांत यदु, अनूप शर्मा, उपेंद्र यादव, शिव मिश्रा, संतोष गुप्ता, पन्ने लाल और थाना भिलाई नगर के सउनि राजेश मणी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई |पुलिस का यह सख्त कदम दुर्ग जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ एक सशक्त संदेश है कि अवैध व्यापार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|

