भिलाई के 60 साल के शख्स की महासमुंद में हत्या , किरायेदार युवती को पार्टनरशिप के नाम पर दिए थे लाखो रूपये , नहीं लौटा पाने पर शादी का दबाव डाल रहा था शख्स फिर युवती ने दोस्त के साथ मिलकर की हत्या...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग महासमुंद जिले के जामपाली सुखानाला गांव के पास 11 सितंबर 2024 को एक बुजुर्ग व्यक्ति की लाश मिलने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। प्रारंभिक जांच में इसे सड़क दुर्घटना का मामला माना गया था, लेकिन पुलिस की गहन छानबीन के बाद यह हत्या का मामला निकला। मृतक की पहचान 60 वर्षीय कमलाकर मेश्राम के रूप में हुई, जो भिलाईनगर, दुर्ग जिले के निवासी थे। इस मामले में पुलिस ने 27 वर्षीय युवती बेलमती सेठ उर्फ बेबी और 24 वर्षीय बस ड्राइवर रतन दास को गिरफ्तार किया है। 

मामला क्या था?

मिडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कमलाकर मेश्राम और बेलमती सेठ की मुलाकात उस वक्त हुई, जब बेलमती उनके घर में किरायेदार के रूप में रहती थी। कमलाकर ने पार्टनरशिप में पोल्ट्री फार्म खोलने का प्रस्ताव रखा और इसके लिए उसे 4.5 लाख रुपये दिए। हालांकि, पोल्ट्री फार्म शुरू नहीं हो सका, और मेश्राम ने पैसे लौटाने की मांग की। पैसे न लौटाने पर मेश्राम ने युवती पर शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया, जिससे परेशान होकर बेलमती ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

हत्या की साजिश

इस दौरान, बेलमती की जान-पहचान बस ड्राइवर रतन दास से हो गई, जो रायपुर से तोरेसिंहा जाते समय उसे अक्सर मिलता था। बातचीत के दौरान युवती ने मेश्राम द्वारा शादी के लिए बनाए जा रहे दबाव का जिक्र किया और हत्या की योजना बनाई। रतन को इस काम के लिए पैसे और गाड़ी का लालच दिया गया। 

10 सितंबर को मेश्राम और बेलमती कार से तोरेसिंहा जा रहे थे। योजना के मुताबिक, रतन सिंघनपुर के पास उनसे मिला और कार चलाते हुए उन्हें बसना के शराब भट्टी तक ले गया। शराब पीने के बाद, पिथौरा के आगे गाड़ी रोककर, रतन ने मेश्राम पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या को दुर्घटना का रूप देने के लिए रतन और बेलमती ने मृतक को गाड़ी से कुचलकर फरार होने की कोशिश की। 

पुलिस का खुलासा

मृतक की लाश मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। मृतक के मोबाइल से मिले सीडीआर के आधार पर बेलमती की पहचान हुई। घटना के बाद वह मथुरा भाग गई थी, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर महासमुंद लाया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मृतक के दस्तावेज, कार की नंबर प्लेट और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू जब्त कर लिया है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS