भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के भिलाई-3 पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में 75 मवेशियों को कत्लखाने ले जाने से पहले बचाया है। तीन मिनी ट्रक और एक दोपहिया वाहन जब्त कर पुलिस ने इस अवैध गतिविधि को रोकने में कामयाबी हासिल की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और देखा कि ग्राम पथर्रा में मवेशियों को अवैध रूप से ट्रांसपोर्ट करने की तैयारी हो रही थी।
पुलिस ने देखा कि एक गाड़ी में 7-8 मवेशियों को बेहद क्रूरता से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था, और उनके लिए कोई पानी या चारे की व्यवस्था नहीं थी। पास ही दो अन्य गाड़ियां भी खड़ी थीं, जो मवेशियों को ले जाने के लिए तैयार की जा रही थीं। समीप ही एक कोटार में 70-80 मवेशियों को भी पाया गया। मौके पर बुलाए गए डॉक्टर द्वारा मवेशियों की चिकित्सा जांच की गई और उन्हें गौशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
इस मामले में दो आरोपियों के नाम सामने आए हैं, विशाल भारती उर्फ विक्की और संगीत मधुकर उर्फ टेटे। इनकी गाड़ियों में मवेशियों को अवैध रूप से कत्लखाने ले जाने की योजना थी। हालांकि, पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब ड्राईवर सहित सभी 5 आरोपी फरार हो चुके थे। अब पुलिस उनकी तलाश में जुटी है, और इन पर छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई से एक बार फिर यह संदेश दिया गया है कि अवैध मवेशी परिवहन और पशु क्रूरता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS

