भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में स्थित बैंक ऑफ इंडिया (BOI) के एटीएम में एक हैरतअंगेज तकनीकी गड़बड़ी सामने आई। शुक्रवार रात को जब एक ग्राहक ने एटीएम से 500 रुपए निकालने की कोशिश की, तो एटीएम ने 500-500 के चार नोट, यानी कुल 2000 रुपए बाहर दे दिए।
इस अनियमितता के बारे में जैसे ही अन्य लोगों को पता चला, वे भी पैसे निकालने के लिए एटीएम के बाहर लाइन में लग गए। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि एटीएम के बाहर पैसे निकालने वालों की भीड़ इकट्ठी हो गई, जिसके बाद बैंक के मैनेजर को एटीएम को बंद करने के लिए भेजा गया।
हालांकि, जब मैनेजर एटीएम को बंद करने पहुंचे, तो लोगों ने उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को वहां से हटाया, इसके बाद एटीएम को सील कर दिया गया।
एटीएम को सील करने के बाद बैंक प्रबंधन और एटीएम संचालन एजेंसी के इंजीनियर ने एटीएम में आई तकनीकी खराबी को ठीक किया। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एटीएम में कितना कैश डाला गया था और कितनी रकम लोगों ने निकाली।
बैंक प्रबंधन अब सभी बैंक खातों की जांच कर रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि किस खाताधारक ने रात के समय एटीएम से कितनी रकम निकाली थी। जांच के बाद सभी खाताधारकों को बुलाकर उनकी जांच की जाएगी।
इस घटना की शिकायत फिलहाल सुपेला थाने में दर्ज नहीं की गई है, लेकिन अगर शिकायत की जाती है तो पुलिस जांच शुरू करेगी।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS

