भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : ईयरबड्स के बढ़ते उपयोग के साथ, सुरक्षा से जुड़ी चिंताएँ भी सामने आने लगी हैं। हाल ही में सैमसंग के ईयरबड्स के इस्तेमाल के दौरान एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जिसमें एक महिला के कान में ईयरबड्स फट गया। इस हादसे के कारण उसकी सुनने की क्षमता हमेशा के लिए खत्म हो गई है, जिससे ईयरबड्स की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।
मिडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना सैमसंग के तुर्की फोरम पर रिपोर्ट की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, एक यूजर ने दावा किया कि उसकी गर्लफ्रेंड के कान में ईयरबड्स का इस्तेमाल करते वक्त अचानक वह फट गया। इस हादसे के बाद पीड़ित महिला की सुनने की क्षमता खत्म हो गई। इस घटना ने एक बार फिर इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की सुरक्षा को लेकर बहस छेड़ दी है।
सैमसंग ने इस मामले में पीड़ित को नए ईयरबड्स की पेशकश की है, लेकिन सुरक्षा को लेकर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है। अभी तक कंपनी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। सैमसंग के इस रवैये से यूजर और अधिक निराश हैं, क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि कंपनी सुरक्षा पर ध्यान देगी और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाएगी।
यह घटना सैमसंग के गैलेक्सी नोट 7 संकट की याद दिलाती है, जब बैटरी में आग लगने की घटनाओं के कारण कंपनी को वैश्विक स्तर पर अपने स्मार्टफोन्स को रिकॉल करना पड़ा था। हालांकि, इस बार मामला ईयरबड्स से जुड़ा है, लेकिन सुरक्षा की गंभीरता वही है।
इस घटना ने अन्य यूजर्स के बीच भी चिंता पैदा कर दी है। सवाल यह है कि क्या यह समस्या केवल एक बार की है, या भविष्य में अन्य यूजर्स भी इससे प्रभावित हो सकते हैं? क्या सैमसंग इस घटना के बाद अपने उत्पादों की सुरक्षा के लिए कुछ ठोस कदम उठाएगा, या इसे एक अलग घटना मानकर नजरअंदाज किया जाएगा?
ईयरबड्स जैसे छोटे और पोर्टेबल डिवाइस आजकल हमारी दिनचर्या का हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन ऐसी घटनाएं हमें यह सोचने पर मजबूर कर देती हैं कि क्या हम अपनी सुरक्षा को लेकर सचेत हैं।

