छतीसगढ़ में चौकाने वाली घटना: दो बाइक सवारों ने परिवार के सामने ही चालाकी से चार माह के बच्चे का किया अपहरण, पुलिस की खोजबीन जारी...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग , दंतेवाड़ा जिले के पोदुम पंचायत में एक चौंकाने वाली घटना घटी है, जहां दो बाइक सवारों ने दिनदहाड़े एक चार माह के मासूम बच्चे का अपहरण कर लिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोगों के बीच दहशत का माहौल है।

घटना के समय बच्चे के पिता हिड़मू अपने घर के पास सड़क किनारे थे। उन्होंने अपने बच्चे को झूले में सुला रखा था, जबकि उनकी पत्नी घर के अंदर धान कूट रही थी। इसी बीच, दो बाइक सवार व्यक्ति वहां पहुंचे और हिड़मू को शराब लाने के लिए सौ रुपये देकर भेज दिया। हिड़मू ने अपने बड़े बच्चों से छोटे भाई को झूले में संभालने को कहा और खुद शराब लेने निकल पड़ा।

जैसे ही हिड़मू थोड़ी दूर गया, बाइक सवारों ने चालाकी से बच्चे को झूले से उठाया और तेज़ी से भाग निकले। जब हिड़मू वापस आया तो उसकी दुनिया ही उजड़ गई। इस घटना के बाद पूरे पोदुम पंचायत में अफरा-तफरी मच गई है। 

पुलिस के मुताबिक घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की एक टीम को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इलाके में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और आरोपी कटेकल्याण की दिशा में भागे हैं, जहां लगे कैमरों की जांच भी की जा रही है।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे और मासूम बच्चे को सकुशल वापस लाया जाएगा।इस घटना ने पूरे इलाके में एक बड़ी सुरक्षा चुनौती पैदा कर दी है और स्थानीय लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं।बच्चे का परिवार बेहद साधारण है | बच्चे का अपहरण क्यों और किस मकसद से किया गया यह जांच का विषय है|

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS