भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई, छत्तीसगढ़ में आज एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती की मौत मुरूम खदान के गड्ढे में डूबने से हो गई। यह घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के बीईसी कंपनी के पीछे स्थित खदान में हुई। पानी से भरे इस गड्ढे में युवती की डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे।
जिला कण्ट्रोल रूम को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, दुर्ग के एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम को तुरंत रवाना किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर डीप डाइविंग विशेषज्ञ इंद्रपाल यादव और राजकुमार यादव के नेतृत्व में कई घंटों की मेहनत के बाद युवती का शव पानी से बाहर निकाला।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय शिवकुमारी, पुत्री कृष्ण बिहारी शर्मा, निवासी पटरीपार, हथखोज थाना, भिलाई-03 के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, शिवकुमारी मानसिक रूप से विक्षिप्त थी और दुर्घटनावश खदान के पानी में डूब गई। घटना से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
बचाव कार्य में टीम प्रभारी धनीराम यादव, राजू महानंद, दिनेश चंद्राकर, ओंकार, आशीष सिन्हा, मोहन, और हबीब खान ने अहम भूमिका निभाई|

