भिलाई : देवांगन समाज ने क्वांर नवरात्रि पर्व के लिए तैयारियां शुरू की...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। देवांगन जन कल्याण समिति, भिलाई नगर द्वारा 3 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2024 तक प्रगति नगर, रिसाली स्थित परमेश्वरी मंदिर में क्वांर (शारदीय) नवरात्रि पर्व का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर परमेश्वरी मंदिर में मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किए जाएंगे, जिसमें श्रद्धालु अपनी मनोकामना के लिए ज्योति प्रज्वलित कर सकते हैं। साथ ही, हर दिन संध्या समय भक्ति संगीत, जस गीत एवं सेवा गीत का आयोजन किया जाएगा, जो भक्तों को आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करेगा। 

गरबा नृत्य की धूम

समिति के अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन ने बताया कि नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन गरबा नृत्य का आयोजन होगा, जिसे लेकर समाज की महिलाओं ने प्रैक्टिस शुरू कर दी है। विशेष रूप से 8 अक्टूबर को गरबा नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें महिलाओं का उत्साह देखते ही बनेगा। 

महाआरती का आयोजन

पंचमी (7 अक्टूबर) और अष्टमी (10 अक्टूबर) की रात को महाआरती का विशेष आयोजन किया जाएगा। इस महाआरती में महिलाएं घर से सजाई हुई आरती की थालियों के साथ भाग लेंगी, जिससे पूरा वातावरण धार्मिकता और भक्ति से भर उठेगा। 

नवरात्रि आमंत्रण रैली

नवरात्रि उत्सव को और भी भव्य बनाने के लिए 29 सितंबर, रविवार को परमेश्वरी भवन से एक नवरात्रि आमंत्रण रैली निकाली जाएगी। इस रैली के माध्यम से देवांगन समाज के लोग घर-घर जाकर आमंत्रण पत्र बांटेंगे और स्थानीय निवासियों को नवरात्रि पर्व के सभी कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेंगे। 

सामाजिक समरसता और भंडारा

इस आयोजन का उद्देश्य केवल देवांगन समाज ही नहीं, बल्कि प्रगति नगर, आशीष नगर, मैत्री नगर के सभी निवासियों को एक साथ लाना है ताकि सभी माता परमेश्वरी का आशीर्वाद प्राप्त कर सकें। नवरात्रि के हर दिन संध्या समय भोग प्रसाद वितरित किया जाएगा, और नवमी (11 अक्टूबर) को महाभंडारे का आयोजन होगा, जिसमें सभी भक्तों को आमंत्रित किया जाएगा। 

समिति के पदाधिकारी घनश्याम कुमार देवांगन (अध्यक्ष), विनोद देवांगन (सचिव), गजेन्द्र देवांगन (कोषाध्यक्ष) और अन्य प्रमुख सदस्यों जैसे सत्यपाल देवांगन, राजू देवांगन, सुमन देवांगन, कल्पना भानु देवांगन सहित समाज की महिलाएं और सदस्य तैयारियों में जुट गए हैं। 

जो श्रद्धालु मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित करना चाहते हैं, वे मंदिर प्रभारी राजू देवांगन या अन्य समिति सदस्यों से संपर्क कर सकते हैं। 

इस नवरात्रि पर्व के माध्यम से देवांगन समाज का उद्देश्य सभी को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकता में बांधना है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS