CG : टीकाकरण के बाद दो नवजातों की मौत: राज्य में हड़कंप, स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा फैसला – दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई , जांच समिति का गठन, वैक्सीनेशन अस्थायी रूप से बंद...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग , बिलासपुर के कोटा क्षेत्र में टीकाकरण के बाद दो नवजात शिशुओं की दुखद मृत्यु के मामले ने राज्य भर में सनसनी फैला दी है। इस घटना ने न केवल परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया है, बल्कि पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। मामले की गंभीरता को समझते हुए राज्य सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक राज्य स्तरीय जांच समिति का गठन किया है। 

रायपुर से 5 सदस्यीय जांच टीम बिलासपुर पहुंच चुकी है और जांच के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने आदेश दिया है कि जब तक इस मामले की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक उस बैच की वैक्सीनेशन प्रक्रिया को तुरंत रोक दिया जाए। 

स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी भी तरह की लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। यह निर्णय उन परिवारों के लिए एक आश्वासन के रूप में देखा जा रहा है जिन्होंने अपने बच्चों को खोया है।

घटना के विवरण में बताया गया है कि 30 अगस्त को कोटा के ग्राम पंचायत पटैता के कोरी पारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में दोनों नवजात शिशुओं को टीका लगाया गया था। टीकाकरण के बाद, एक शिशु की उसी दिन मृत्यु हो गई, जबकि दूसरे शिशु ने 31 अगस्त की सुबह दम तोड़ दिया। 

इस दुखद घटना के बाद स्थानीय गांव में भय और शोक का माहौल व्याप्त हो गया है। सरकार की ओर से की जा रही जांच से यह उम्मीद की जा रही है कि सच्चाई सामने आएगी और भविष्य में ऐसी त्रासदियों से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS