CG : हाईवे पर दो ट्रको के बीच भीषण टक्कर: एक चालक की दर्दनाक मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल, पुलिस ने स्टेयरिंग में फंसे घायल चालक को बाड़ी मिस्त्रियों की मदद से बाहर निकाला...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग , जशपुर: कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को दो ट्रकों की सीधी भिड़ंत में एक ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा दोपहर करीब 1 बजे डोड़काचौरा क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय के पास स्थित एक मोड़ पर हुआ, जब झारसुगड़ा से सीमेंट लेकर आ रहा ट्रक (सीजी 14 एमसी 2877) लापरवाहीपूर्वक गलत दिशा में घुस गया। सामने से आ रहे खाद्य तेल से भरे ट्रक (सीजी 12 बीजे 9623) के चालक को संभलने का मौका ही नहीं मिला, और दोनों ट्रकों की ज़बरदस्त टक्कर हो गई।

दुर्घटना में सीमेंट लदा ट्रक पलट गया और उसके चालक रमेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तेल लेकर जा रहे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल होकर ट्रक की बॉडी और स्टेयरिंग के बीच बुरी तरह फंस गया। 

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली प्रभारी रविशंकर तिवारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद बाड़ी मिस्त्रियों की मदद से घायल चालक को बाहर निकाला और उसे तुरंत जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। 

पुलिस ने रमेश यादव के शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है। इस भीषण हादसे ने एक बार फिर राजमार्गों पर लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर किया है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS