भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के लिए एक बड़ी और अहम खबर सामने आ रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन के रायपुर रेल मंडल को जल्द ही एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस मिलने वाली है। मिडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वरिष्ठ रेलवे सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि दुर्ग से विशाखापट्नम के लिए यह नई ट्रेन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना की जा सकती है। हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई आदेश जारी नहीं हुआ है, लेकिन अधिकारियों को मौखिक रूप से तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
12 सितंबर को हो सकती है शुरुआत
दुर्ग रेलवे स्टेशन में भी इस वंदे भारत ट्रेन के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। अधिकारियों के अनुसार 12 सितंबर को यह ट्रेन परिचालन में आ सकती है। ट्रेन के रैक 10 या 11 सितंबर तक दुर्ग पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। यह ट्रेन दुर्ग से विशाखापट्नम के लिए दूसरी सीधी ट्रेन होगी, इससे पहले दुर्ग-विशाखापट्नम वाल्टेयर एक्सप्रेस ही एकमात्र विकल्प थी।
स्टेशनों की सूची: कहां-कहां रुकेगी यह ट्रेन
वंदे भारत एक्सप्रेस कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इसमें दुर्ग से रवाना होकर यह ट्रेन रायपुर रेलवे स्टेशन, लखोली, महासमुंद, खरियार रोड, कांटा-भांजी, टिटलागढ़, सिंगापुर रोड, रायगड़ा, पार्वतीपुरम् और विजयानगरम होते हुए विशाखापट्नम रेलवे स्टेशन तक पहुंचेगी। यह स्टॉपेज यात्रियों की सुविधा और यात्रा को सुगम बनाने के लिए चुने गए हैं।
दुर्ग में होगा ट्रेन का रखरखाव और मेंटेनेंस
इस ट्रेन का मेंटेनेंस और रखरखाव दुर्ग रेलवे स्टेशन के कोचिंग यार्ड में किया जाएगा, जहां इसके लिए विशेष कंपोजिट पिट की सुविधा प्रदान की गई है। इससे ट्रेन की सर्विसिंग और देखरेख में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी और समय-समय पर इसकी गुणवत्ता बनी रहेगी।
वंदे भारत: छत्तीसगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण कदम
यह नई वंदे भारत एक्सप्रेस छत्तीसगढ़ के यात्रियों के लिए एक बड़ा उपहार साबित होगी। इससे न केवल यात्रा का समय बचेगा, बल्कि यात्रियों को एक अत्याधुनिक और आरामदायक यात्रा अनुभव भी प्राप्त होगा।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS

