भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग , बलौदाबाजार जिले के हिरमी स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में एक बेहद दुखद घटना घटी है, जहां एक मजदूर की लाश रस्सी से लटकी हुई पाई गई। यह घटना प्लांट के मजदूरों के विश्राम गृह के पास घटी, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस खबर के फैलते ही मजदूरों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही प्रबंधन ने मजदूर की लाश को रस्सी से उतारकर वहां से हटा दिया था। मजदूरों ने नाम न छपने के शर्त पर कहा है की जब भी प्लांट में कोई गंभीर घटना होती है, तो कंपनी उसे दबाने की कोशिश करती है। मजदूरों का कहना है कि प्रबंधन अक्सर उन्हें दबाव में रखकर घटनाओं को छिपाने का प्रयास करता है और नौकरी से निकालने की धमकी भी दी जाती है। इसी वजह से मजदूर भयभीत रहते हैं और अपनी बात खुलकर नहीं रख पाते।
घटना की सूचना मिलते ही सुहेला थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और मजदूरों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस जांच जारी है, लेकिन अभी तक घटना के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। एसडीओपी भाटापारा, ऐश्वर्य चंद्राकर ने बताया कि घटना की विस्तृत जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सामने आएगी।
इस दुखद घटना ने प्लांट के मजदूरों में असंतोष और भय का माहौल पैदा कर दिया है। प्रबंधन और मजदूरों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS

