भिलाई : NRI बेटे के पिता से 1 करोड़ की ठगी, फर्जी CBI अधिकारी बनकर व्हाट्सएप कॉल के जरिए बैंक खाते किये खाली, अमेरिका से बेटे के वापस आने पर पिता ने बताई बात तब हुआ मामले का खुलासा...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक सनसनीखेज ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक शातिर ठग ने खुद को CBI अधिकारी बताकर एक बुजुर्ग से 1 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी कर ली। यह घटना तब हुई जब NRI (अनिवासी भारतीय) सुखदेव सिंह के 77 वर्षीय पिता सुखचैन सिंह को एक वॉट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को CBI का अधिकारी बताया और बैंक में हुए एक कथित घोटाले की जांच के बहाने उनसे बैंक खाता विवरण मांगे। 

सुखचैन सिंह, जो कि बीएसपी से सेवानिवृत्त हैं, कॉलर की बातों में आ गए और अपनी जिंदगी की सारी जमा पूंजी ठग को सौंप दी।24 मई 2024 को आए इस कॉल के बाद, ठग ने अपनी चालाकी से 1 जून 2024 से 13 अगस्त 2024 के बीच सुखचैन सिंह से सात अलग-अलग किश्तों में कुल 1 करोड़ 90 हजार रुपए ठग लिए। यह रकम आरटीजीएस के माध्यम से ठग के अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। 

ठगी की शुरुआत 1 जून 2024 को 4 लाख रुपए एक्सिस बैंक ब्रांच दुमराव में ट्रांसफर करने से हुई। इसके बाद 7 जून को 9 लाख 90 हजार रुपए और 20 लाख रुपए HDFC बैंक में भेजे गए। 24 जून को HDFC बैंक में फिर 15 लाख रुपए, 9 जुलाई को उज्जीवन स्माल फाइनेंस बैंक भरुच के खाते में 20 लाख रुपए, 31 जुलाई को HDFC बैंक में 20 लाख रुपए, और अंततः 13 अगस्त 2024 को बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खाते में 15 लाख रुपए जमा कराए गए।

सुखदेव सिंह को इस ठगी का पता तब चला जब वह अमेरिका से भारत वापस आए। घर पहुंचने पर जब उनके पिता ने इस घटना की जानकारी दी, तो उन्होंने तुरंत भिलाई नगर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है, लेकिन इस घटना ने लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि कैसे आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर भोले-भाले लोगों को ठगा जा रहा है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gpd7UXjFxWk6mOz58tH1KS