भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग , राजधानी रायपुर में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 21 वर्षीय एमबीए छात्रा को उसके घर के सामने से अपहरण कर उसकी हत्या का प्रयास किया गया। आरोपी, विशेष सिंह (21), युवती का सहपाठी है। उसने जबरदस्ती युवती को अपनी मोपेड पर बिठाकर 8 किलोमीटर दूर पंडरी इलाके में ले जाकर उस पर हमला किया। पीड़िता की सूझबूझ और हिम्मत से वह किसी तरह से बच निकलने में कामयाब रही और 24 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की शुरुआत: गरबा से लौटते वक्त अपहरण
युवती सोमवार रात अपनी सहेली के साथ गरबा खेलने गई थी। घर लौटने पर जैसे ही उसने अपनी मोपेड पार्क की, तभी आरोपी विशेष, जो युवती का सहपाठी भी है, अचानक वहां पहुंच गया। दोनों के बीच पहले बातचीत हुआ करती थी, लेकिन किसी विवाद के कारण युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। विशेष इस बात से नाराज था और लगातार उस पर दबाव बना रहा था कि वह उससे बात करे।
युवती ने विरोध किया लेकिन विशेष ने धमकी देकर उसे जबरन अपनी मोपेड पर बैठा लिया और रामनगर अंडरब्रिज होते हुए उसे पंडरी के सुनसान इलाके में ले गया। वहां पहुंचने पर विशेष ने युवती का मोबाइल छीन लिया ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके।
हमला और युवती का साहसिक बचाव
पंडरी पहुंचकर आरोपी ने युवती के सिर पर भारी वस्तु से वार किया। इस हमले के बाद भी युवती ने हार नहीं मानी। उसने विशेष को धक्का देकर भागने की कोशिश की और किसी तरह से सड़क तक पहुंची। भागते हुए उसे एक ऑटो मिला, जिसमें वह बैठकर जयस्तंभ चौक पहुंची। वहां पहुंचकर उसने राहगीर से मोबाइल लेकर अपने भाई को फोन किया और पूरी घटना की जानकारी दी।
थाने में बाधा: देवेंद्रनगर पुलिस ने भेजा गुढ़ियारी थाने
घायल हालत में युवती अपने भाई के साथ देवेंद्रनगर थाने पहुंची, लेकिन पुलिस ने यह कहकर उन्हें लौटा दिया कि यह घटना उनके थाने के क्षेत्र में नहीं हुई है। इसके बाद युवती और उसका भाई गुढ़ियारी थाने पहुंचे, जहां आखिरकार उसकी शिकायत दर्ज की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ अपहरण और हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: आरोपी गिरफ्तार
गुढ़ियारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर विशेष सिंह को गिरफ्तार कर लिया और उसकी मोपेड भी जब्त कर ली गई। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी विशेष, युवती से बातचीत खत्म होने के कारण नाराज था और उसे शक था कि युवती किसी और से बातचीत कर रही है। इसी कारण उसने यह घिनौना कदम उठाया।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI




