भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग , दुर्ग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 से 31 अक्टूबर तक चलने वाले सक्रिय सदस्यता अभियान का दुर्ग में भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर पूर्व मंत्री और विधायक राजेश मूणत की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सदस्यता अभियान की महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर और दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव ने पार्टी की सक्रिय सदस्यता ग्रहण की। इनके सदस्यता फार्म मंडल अध्यक्षों द्वारा भरे गए, जिसमें 500 रुपये का शुल्क जमा किया गया।
राजेश मूणत ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी के भविष्य के पदाधिकारियों के लिए सक्रिय सदस्य बनना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन कार्यकर्ताओं ने 100 प्राथमिक सदस्य बनाए हैं, वे 500 रुपये का शुल्क जमा करके सक्रिय सदस्यता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 500 रुपये में से 100 रुपये ऑनलाइन भाजपा को जमा होंगे, जबकि शेष 400 रुपये पार्टी के प्रादेशिक मुखपत्र ‘दीप कमल’ हेतु नगद जमा करने होंगे।
जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने मंडल अध्यक्षों से आग्रह किया कि वे निष्पक्ष रूप से पात्र कार्यकर्ताओं का चयन करें और सक्रिय सदस्यता आवेदन फार्म भरवाएं। इसके बाद फार्म की समीक्षा जिला समीक्षा समिति द्वारा की जाएगी, जिसके संयोजक राजेंद्र कुमार पाध्ये हैं।
राजेंद्र कुमार पाध्ये ने बताया कि सक्रिय सदस्य बनने के लिए पार्टी द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है और किसी भी प्रकार की सिफारिश स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी चेताया कि जो कार्यकर्ता सक्रिय सदस्य नहीं बनेगा, वह भविष्य में पार्टी के किसी पद पर आसीन नहीं हो पाएगा।
कार्यशाला का संचालन जिला भाजपा महामंत्री सुरेंद्र कौशिक ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से अजय तिवारी, दिलीप साहू, अलका बाघमार, आशीष निमजे, दीपक चोपड़ा, महेंद्र लोढ़ा और कई अन्य शामिल थे।
इस सदस्यता अभियान का मुख्य उद्देश्य पार्टी को मजबूत करना और भविष्य में अधिक से अधिक योग्य कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण पदों पर स्थापित करना है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

