दुर्ग में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन ने मारी ठोकर, युवक की मौके पर मौत, जांच में जुटी पुलिस....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग के पदमनाभपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक हिट-एण्ड-रन का मामला सामने आया है। घटना आरटीओ कार्यालय के सामने 11 अक्टूबर की रात करीब 2:30 बजे घटी, जब एक अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार और लापरवाही से चलते हुए एक दुपहिया सवार को जोरदार टक्कर मार दी। 

इस दुर्घटना में 32 वर्षीय युवक नीरज नागवंशी की मौके पर ही मौत हो गई। नीरज अपने होंडा एक्टिवा (CG-07-CL-5451) पर सवार होकर घर से निकला था, जब उसे इस दुर्घटना का शिकार होना पड़ा।

नीरज के जीजा, राजन बिन्द, जो एल्यूमिनियम सेट के दरवाजे और खिड़की बनाने का काम करते हैं, ने इस हादसे की जानकारी पुलिस को दी। राजन की रिपोर्ट के आधार पर पदमनाभपुर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 106(1)-BNS और 281-BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस फिलहाल उस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है, जिसने इस दुर्घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। नीरज का शव जिला अस्पताल दुर्ग के शवगृह में रखा गया है, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर सड़कों पर लापरवाही और तेज रफ्तार के खतरनाक परिणामों की ओर ध्यान आकर्षित किया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा और उसे कानून के कटघरे में लाया जाएगा।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI