भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां शुक्रवार को दंतेवाड़ा-नारायणपुर जिले की सीमा पर पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 14 नक्सलियों को मार गिराया है। बताया जा रहा है कि जब सुरक्षाबल इलाके में सर्च ऑपरेशन कर रहे थे, तभी यह मुठभेड़ हुई।
मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें सुरक्षा बलों ने बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए। बरामद किए गए हथियारों में AK-47 और SLR जैसे घातक हथियार शामिल हैं। नक्सलियों की भारी मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिलों से विशेष रूप से सुरक्षाबलों को तैनात किया गया था।
सीएम विष्णुदेव साय की प्रतिक्रिया
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मुठभेड़ पर प्रतिक्रिया देते हुए एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया कि, "नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबलों की बड़ी जीत पर मैं उन्हें नमन करता हूं। 14 नक्सलियों को मार गिराने में सुरक्षा बलों ने जो साहस दिखाया है, वह सराहनीय है। हमारी डबल इंजन सरकार नक्सलवाद के खात्मे के लिए प्रतिबद्ध है।"
उन्होंने आगे कहा, "यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक कि प्रदेश से नक्सलवाद का पूरी तरह से खात्मा नहीं हो जाता। सुरक्षाबलों की इस सफलता से हमारे मिशन को और बल मिला है।"
नक्सलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
छत्तीसगढ़ सरकार और सुरक्षा बल पिछले कई वर्षों से नक्सल प्रभावित इलाकों में सक्रिय हैं और नक्सलियों के खिलाफ निरंतर सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। इस मुठभेड़ को सरकार और सुरक्षाबलों के लिए एक बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है। सुरक्षाबल लगातार क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, और इस मुठभेड़ ने यह साबित कर दिया है कि नक्सलवाद के खिलाफ उनकी लड़ाई पूरी ताकत से जारी है।
सुरक्षा के सख्त कदम
इस मुठभेड़ के बाद भी इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि नक्सलियों के अन्य ठिकानों का पता लगाया जा सके और वहां छिपे हथियारों और विस्फोटकों को बरामद किया जा सके। सरकार और सुरक्षाबल इस अभियान को और तेज कर रहे हैं ताकि क्षेत्र में शांति और विकास की गति को बाधित करने वाली नक्सली गतिविधियों का खात्मा किया जा सके।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर
क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/DftDnFtfdzBCMFMDlcmnyW

