CG: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की गांधी जयंती पर ऐतिहासिक घोषणा : खादी वस्त्रों की खरीदी पर 25% सब्सिडी, स्वदेशी उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर, गांधी जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खादी के प्रोत्साहन हेतु एक ऐतिहासिक घोषणा की। खादी वस्त्रों की खरीदी पर 25 प्रतिशत की विशेष सब्सिडी की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना 2 अक्टूबर 2024 से शुरू होकर 31 मार्च 2025 तक प्रभावी रहेगी। इस कदम का उद्देश्य खादी वस्त्रों की खरीदारी को बढ़ावा देना और स्वदेशी उद्योगों को प्रोत्साहित करना है। 

यह महत्वपूर्ण घोषणा मुख्यमंत्री ने स्वच्छता पखवाड़ा समापन समारोह के दौरान की, जो पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का भी आयोजन हुआ।

कार्यक्रम के दौरान सीएम साय ने पत्रकारों से बात करते हुए धान की खरीदी पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस बार इंद्रदेव प्रदेश पर मेहरबान रहे हैं, जिससे धान की अच्छी पैदावार की संभावना है। इसके साथ ही, उन्होंने जल्द ही धान खरीदी के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया, जिसमें सभी संबंधित मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का दौरा करते हुए अपनी पत्नी के लिए खादी की एक सुंदर साड़ी भी खरीदी। उन्होंने प्रदेश के नागरिकों से अपील की कि वे स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देते हुए अधिक से अधिक खादी वस्त्रों का उपयोग करें। खादी के प्रति उनके इस समर्पण को और मजबूती देते हुए उन्होंने खादी वस्त्रों की खरीदी पर 25 प्रतिशत की सब्सिडी की घोषणा की, जो आमजन के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।इस घोषणा से खादी उद्योग में नया जोश आएगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/DftDnFtfdzBCMFMDlcmnyW