भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : गरियाबंद जिले के शोभा थाना क्षेत्र में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। पति की हत्या के बाद, महिला ने ससुरालवालों को गुमराह करते हुए यह जताने की कोशिश की कि पति कमाने के लिए कहीं और गया है। लेकिन पुलिस की जांच में सच का पर्दाफाश हो गया और महिला की करतूत सबके सामने आ गई।
ढोल सराई का निवासी रोहित मरकाम (33) का विवाह एक साल पहले पेंड्रा की समारी बाई से हुआ था। विवाह के बाद, रोहित अपने ससुराल में ही घरजमाई के रूप में रहने लगा। जब अगस्त में नवाखाई के दौरान रोहित घर नहीं पहुंचा तो उसके पिता, पुनीत राम, को चिंता हुई।
उन्होंने अपनी बहू समारी से जानकारी मांगी, तो उसने पति के आंध्रप्रदेश कमाने जाने की बात कही। लेकिन पिता को बहू की बातों पर संदेह हुआ और उन्होंने शोभा पुलिस थाने में बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस जांच के दौरान समारी के जवाबों से पुलिस को शक हुआ। कड़ी पूछताछ के बाद समारी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने खुलासा किया कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की और लाश को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। समारी ने पुलिस को उस जगह का भी पता बताया जहां लाश को पहले दफनाया गया था। पहले पेंड्रा में घर के पीछे शव को दफनाया गया था, फिर लाश को दूसरी जगह, 20 किलोमीटर दूर एक नाले के पास ले जाकर ठिकाने लगाया गया|
पुलिस के साथ मैनपुर तहसीलदार रमाकांत केवर्त और बीएमओ गजेंद्र नेगी ने मौके पर पहुंचकर शव को निकाला और बिसरा को सुरक्षित रखते हुए परिजनों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार करवाया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि समारी के प्रेमी के साथ अवैध संबंध थे, और इस बात की जानकारी जब रोहित को हुई, तो उसे रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रची गई। 15 जुलाई को लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या की गई। फिलहाल, महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि उसका प्रेमी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI




