छत्तीसगढ़ में शहरी आवासहीनों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 का शुभारंभ...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत शहरी आवासहीनों के लिए प्रदेशव्यापी सर्वेक्षण का शुभारंभ किया। इस योजना का उद्देश्य उन लोगों को पक्का घर उपलब्ध कराना है जो अब तक आवासीय सुविधा से वंचित रहे हैं। 15 नवंबर को मुंगेली के स्वामी आत्मानंद स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री अरुण साव ने हितग्राही सर्वेक्षण प्रारंभ कर इस महत्वपूर्ण योजना की शुरुआत की। इसके तहत, जिन लोगों को पहले चरण में आवास नहीं मिला था, उन्हें इस दूसरे चरण में चिन्हित कर आवास के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत तेजी से आवास निर्माण किया है। पिछले 11 महीनों में 49,834 आवास पूरे किए गए हैं। एएचपी (Affordable Housing in Partnership) घटक के तहत 21,600 आवास और बीएलसी (Beneficiary-led Construction) घटक के अंतर्गत 1,74,967 आवासों का निर्माण किया गया है, जिससे आवासहीन परिवारों को राहत मिली है।  

तीन प्रमुख आय वर्गों को मिलेगा लाभ

योजना के दूसरे चरण में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), निम्न आय वर्ग (एलआईजी) और मध्यम आय वर्ग (एमआईजी) के परिवारों को पक्का आवास प्रदान किया जाएगा। तीन लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले ईडब्ल्यूएस वर्ग, छह लाख रुपये तक की आय वाले एलआईजी वर्ग और नौ लाख रुपये तक की आय वाले एमआईजी वर्ग के लाभार्थियों को शामिल किया गया है। 

योजना का लाभ लेने की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया

योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थी परिवार में पति, पत्नी, अविवाहित बेटे और बेटियां शामिल होंगी, और उनके पास पहले से कोई पक्का घर नहीं होना चाहिए। योजना के तहत आवेदन करने के लिए परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड अनिवार्य है। आवासहीन परिवार योजना के ग्रामीण या शहरी संस्करण में से केवल एक का लाभ ले सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ऑनलाइन पोर्टल और 189 नगरीय निकायों में हेल्पडेस्क की सुविधा दी गई है, जिससे हितग्राही स्वयं या निकाय की मदद से आवेदन कर सकते हैं।  

योजना का व्यापक उद्देश्य

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 का उद्देश्य राज्य में शहरी आबादी की आवासीय जरूरतों को पूरा करना है ताकि हर व्यक्ति को अपने पक्के घर में सम्मानजनक जीवन जीने का मौका मिल सके।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI