भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पशु प्रेमियों और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के खड़ौली गांव के संत नगर में 2 अक्टूबर को एक मादा कुत्ते ने पांच पिल्लों को जन्म दिया था। नवजात होने के कारण ये पिल्ले अक्सर आवाज निकालते थे, जो वहां रहने वाली दो महिलाओं - शोभा और आरती - को पसंद नहीं आया।
शोभा और आरती, जो एक ही परिवार में देवरानी-जेठानी हैं, ने इन 3 दिन पहले पैदा हुए पिल्लों की आवाज से परेशान होकर 5 अक्टूबर को तीन पिल्लों पर पेट्रोल छिड़ककर उन्हें आग के हवाले कर दिया। मासूम पिल्लों की मौत के बाद इन महिलाओं ने वहीं एक गड्ढा खोदकर उन्हें दबा भी दिया। इस घटना ने इलाके के लोगों को गुस्से और दुख से भर दिया, लेकिन महिलाओं ने विरोध करने वालों को भी अपशब्द कहे।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी, लेकिन शुरुआती पूछताछ के बाद पुलिस बिना कार्रवाई किए लौट गई। इसके बाद एनिमल केयर सोसायटी के सचिव अंशुमाली वशिष्ठ ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया और पुलिस थाने में एक औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई।जिसके बाद मामले में जांच की जा रही है|
पुलिस ने अब दोनों महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है और जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए गड्ढे से पिल्लों के शव निकालकर उनका पोस्टमार्टम भी कराया है।इस घटना ने एक बार फिर हमारे समाज में पशु क्रूरता के प्रति जागरूकता की कमी को उजागर किया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिल्लों का दोष सिर्फ इतना था कि वे अपनी प्राकृतिक आदतों के अनुसार कूंकते थे। समाज के हर सदस्य की यह जिम्मेदारी बनती है कि वे न केवल इंसानों के बल्कि बेजुबान जानवरों के साथ भी संवेदनशीलता दिखाएं|
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

