भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई, अब दुर्ग जिले में जमानत पर छूटकर अपराध करने वालों की खैर नहीं। मंगलवार को दुर्ग एसपी जितेन्द्र शुक्ला ने जिले के पुलिस अधिकारियों की एक अहम बैठक में सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। एसपी शुक्ला ने कहा कि जमानत पर रिहा होने के बाद यदि कोई व्यक्ति पुनः अपराध करता है, तो उसकी जमानत निरस्त कर उसे फिर से जेल भेजने का इंतजाम किया जाएगा। यह कदम दुर्ग पुलिस की ओर से अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए उठाया गया है, ताकि दुबारा अपराध करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।
बैठक में एसपी शुक्ला ने सभी थाना क्षेत्रों को निर्देश दिए कि वे गुंडे-बदमाशों और निगरानी बदमाशों की नियमित रूप से चेकिंग करें। हर थाना क्षेत्र में ऐसे लोगों की सूची बनाई जाएगी, जो गंभीर अपराधों में लिप्त पाए गए हैं। ये बदमाश थानों में बुलाकर अपनी हाजिरी देंगे, और उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। एसपी ने चोरी की वारदातों को रोकने के लिए गश्त को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
एसपी शुक्ला ने जुआ, सट्टा और नशीली सामग्री के अवैध व्यापार में संलिप्त लोगों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। इन सभी अवैध गतिविधियों पर पूर्णतः रोक लगाने और शामिल व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई करने की योजना बनाई गई है। साथ ही, बाहरी लोगों की आवाजाही पर भी पुलिस की नजर रहेगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।
बैठक के दौरान एसपी शुक्ला ने कालोनियों में सुरक्षा बढ़ाने के लिए पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि अक्सर कॉलोनी के गेट पर केवल एक गार्ड और एक सीसीटीवी कैमरा ही लगाया जाता है, जो सुरक्षा के लिए पर्याप्त नहीं है। कॉलोनियों में चारों ओर से कवर करते हुए कैमरे लगाने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी घटना की पूरी जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।
एसपी ने अधिकारियों को लंबित अपराध, शिकायतें, गुमशुदगी के मामले और वारंट की तामीली करने पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। इस पहल के तहत अदम दस्तयाब मामलों के शीघ्र निपटारे की भी कोशिश की जाएगी, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति को और बेहतर बनाया जा सके।
इस बैठक में एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर, एएसपी अभिषेक झा, एएसपी वेदव्रत सिरमौर, एएसपी ग्रामीण डॉ. पदमश्री तंवर, एएसपी आईयूसीएडब्ल्यू ऋचा मिश्रा समेत सभी प्रमुख पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। दुर्ग पुलिस की इस नई नीति से अपराधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

