भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई: खुर्सीपार इलाके में एक सनसनीखेज घटना में पुत्र ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि करण नारायण सिंह नामक युवक ने आपसी विवाद के चलते अपने 65 वर्षीय पिता श्याम नारायण सिंह की सोते समय फावड़े से वार कर हत्या कर दी। खुर्सीपार पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पुत्र को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, पिता-पुत्र के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे, मुख्यतः रोजगार को लेकर। सेवानिवृत्त पिता श्याम नारायण अपने पुत्र करण को किसी स्थिर नौकरी करने की सलाह देते थे, जो करण को नागवार गुज़रता था। छठ पर्व के अवसर पर श्याम नारायण का परिवार रांची, झारखंड में पर्व मनाने के लिए गया हुआ था, जिससे घर पर सिर्फ पिता और पुत्र ही मौजूद थे।
सूत्रों के अनुसार, अकेले होने का लाभ उठाते हुए करण ने रात में सोते समय अपने पिता पर फावड़े से हमला कर दिया। इस वार से श्याम नारायण की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी करण को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
नगर पुलिस अधीक्षक छावनी, हरीश पाटिल के अनुसार, हत्या का कारण पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से चला आ रहा मतभेद बताया जा रहा है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI






