व्हाट्सऐप वीडियो देखकर पति ने पत्नी का घर पर कराया प्रसव, मां-बच्चे की जान डाली जोखिम में, केस दर्ज...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : चेन्नई के कुंड्रात्तूर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दंपती ने सोशल मीडिया पर मिले आधे अधूरे ज्ञान के आधार पर घर पर ही डिलीवरी कराई। इस जोखिम भरे कदम के कारण स्वास्थ्य अधिकारियों ने दंपती के खिलाफ मामला दर्ज किया है।  

व्हाट्सऐप वीडियो बना भरोसे का आधार  

36 वर्षीय मनोहरन और उनकी 32 वर्षीय पत्नी सुकन्या ने गर्भावस्था के दौरान कोई डॉक्टरी परामर्श नहीं लिया। यह दंपती एक व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़े थे, जहां प्रसव से जुड़ी जानकारी और वीडियो साझा किए जाते थे। 17 नवंबर को जब सुकन्या को प्रसव पीड़ा हुई, तो उन्होंने अस्पताल जाने के बजाय व्हाट्सऐप वीडियो देखकर घर पर ही डिलीवरी कराने का निर्णय लिया। मनोहरन ने खुद पत्नी का प्रसव कराया।  

स्वास्थ्य नियमों का बड़ा उल्लंघन  

घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी ने दंपती के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने कहा कि मनोहरन के इस कदम ने चिकित्सा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किया। दंपती से पूछताछ के दौरान व्हाट्सऐप ग्रुप के बारे में जानकारी मिली, जिसने उन्हें इस जोखिम भरे कदम की ओर प्रेरित किया।  

मां और बच्चे की जान को खतरा 

लोक स्वास्थ्य और निवारक चिकित्सा निदेशालय के निदेशक, डॉ. टी.एस. सेल्वाविनायकम ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा, "प्रसव किसी भी समय आपातकालीन स्थिति में बदल सकता है। यदि विशेषज्ञ चिकित्सा सहायता न मिले, तो मां और बच्चे दोनों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है।" उन्होंने बताया कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उच्च स्तरीय चर्चा आयोजित की जाएगी।  

समाज के लिए चेतावनी  

यह घटना सोशल मीडिया पर मिलने वाली अधूरी जानकारी के खतरों की ओर इशारा करती है। स्वास्थ्य जैसे गंभीर मामलों में डॉक्टर की सलाह और उचित चिकित्सा व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। इस घटना ने एक बार फिर से यह साबित कर दिया है कि सोशल मीडिया पर भरोसा करने से पहले विशेषज्ञ की राय लेना जरूरी है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI