रायपुर सेंट्रल जेल के बाहर दिनदहाड़े गोलीबारी से मचा हड़कंप, भाई से मिलने आये शख्स को मारी गोली , युवक गंभीर...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :रायपुर (छग) राज्योत्सव की धूमधाम के बीच शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गंज थाना क्षेत्र में रायपुर सेंट्रल जेल के बाहर दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शाहरुख गुट के बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, रायपुर सेंट्रल जेल के बाहर एक बदमाश शेख साहिल पर हमला हुआ। वह अपने भाई से मिलने जेल गया था और मुलाकात के बाद लौट रहा था। तभी शाहरुख और उसके साथियों ने उस पर गोली चला दी। पुलिस ने बताया कि हमले के पीछे पुरानी रंजिश का हाथ है। तीन बदमाशों ने शेख साहिल को घेरकर कट्टे से फायरिंग की।

शेख साहिल एक आपराधिक पृष्ठभूमि वाला व्यक्ति है, जो पहले जेल में था और फिलहाल जमानत पर बाहर है। उसका भाई एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल में बंद है। घटना के दौरान शेख साहिल को गले में गोली लगी, और उसे तुरंत मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

फायरिंग के पीछे का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है। शाहरुख और शाहनवाज, जो पहले से ही गंभीर अपराधों में शामिल रहे हैं, इस घटना के मुख्य आरोपी हैं। ये दोनों पहले भी धारा 307 के तहत जेल जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, यह हमला योजनाबद्ध था और इसका मकसद पुरानी दुश्मनी का बदला लेना था।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने रायपुर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है, खासकर तब जब शहर में राज्योत्सव के लिए वीआईपी मूवमेंट हो रहा है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI