भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर में नगर निगम के जोन 9 कार्यालय में टेंडर के विवाद को लेकर ठेकेदार और भाजपा पार्षद के बीच गंभीर झगड़ा हो गया। इस विवाद में ठेकेदार ओम राठौर घायल हो गए, जबकि पार्षद रोहित कुमार साहू को भी चोटें आईं। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने में शिकायत करने पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, नेताजी सुभाष चंद्र बोस वार्ड के पार्षद रोहित साहू और रजिस्टर्ड ठेकेदार ओम राठौर के बीच सीसी रोड निर्माण के लिए निकले टेंडर को लेकर विवाद हुआ। पार्षद साहू ने नहीं चाहा कि ठेकेदार ओम उनके वार्ड में काम करें।
गुरुवार को जब ओम राठौर टेंडर फॉर्म लेने पहुंचे, तो पार्षद साहू भी वहां मौजूद थे। दोनों के बीच तीखा विवाद हुआ और पार्षद साहू ने टेबल पर रखे पेपर वेट से ओम राठौर पर हमला कर दिया, जिससे ओम की नाक में चोट आई। ओम ने दावा किया कि अगर कुछ होता है तो पार्षद को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। उनका वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपनी जान को खतरे में बताया।
ठेकेदार ओम राठौर ने आरोप लगाया कि पार्षद साहू पिछले 3-4 वर्षों से अपने वार्ड में दादागिरी चला रहे हैं और टेंडर देने में मनमानी करते हैं। ओम ने कहा कि यह हमला सुनियोजित था और उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया गया।
वहीं, पार्षद रोहित साहू ने कहा कि वह अपनी पारिवारिक शादी के निमंत्रण के लिए कार्यालय में आए थे और पहले भी ओम राठौर ने उन्हें धमकी दी थी। पार्षद के मुताबिक, ओम राठौर ने पैसे की मांग की और मना करने पर उनका मोबाइल छीन लिया और धक्का दिया, जिसके बाद उन्होंने भी आत्मरक्षा में जवाबी धक्का दिया।
अब दोनों पक्षों ने पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, और मामला पुलिस की जांच में है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

