भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग, सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र से एक विचित्र मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक, दिलबंधु मझवार, अपनी मृत्यु की झूठी घोषणा का खंडन करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। यह घटना काफी हद तक बॉलीवुड फिल्म कागज की कहानी जैसी प्रतीत होती है, जिसमें सरकारी कागज़ात में एक जिंदा आदमी को मृत घोषित कर दिया गया था, और उसे खुद को जिंदा साबित करने के लिए वर्षों तक संघर्ष करना पड़ा था। इसी तरह दिलबंधु अब अपने जीवित होने का प्रमाण लेकर प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
दिलबंधु मझवार, उम्र 28 वर्ष, ग्राम घाटबर्रा के निवासी हैं। उनका कहना है कि 2017 में परसा कोल ब्लॉक के लिए भूमि अधिग्रहण के सिलसिले में एक ग्रामसभा आयोजित की गई थी, जिसमें उन्होंने खुद उपस्थिति दर्ज की थी। कुछ दिनों पहले उसे पता चला कि उस ग्रामसभा के दस्तावेजों में उनके हस्ताक्षर को फर्जी घोषित किया गया है और उन्हें 28 जून 2016 को मृत घोषित कर दिया गया है। इस आरोप ने उनके अस्तित्व पर सवाल खड़ा कर दिया, जिससे उन्हें मानसिक और सामाजिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत के सचिव गोपाल राम यादव ने दिलबंधु के दावे का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामसभा के दौरान दिलबंधु ने उनके सामने उपस्थित रहकर अंगूठे का निशान लगाया था, और उनके अनुसार, दिलबंधु की मृत्यु की अफवाह झूठी और निराधार है। सचिव का कहना है कि ग्रामसभा के दस्तावेज सही हैं, और इसमें छेड़छाड़ की खबर गलत है।
सरगुजा के अपर कलेक्टर सुनील कुमार नायक ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने आरोप लगाया था कि उपस्थिति पंजी में उन लोगों के भी हस्ताक्षर हैं जो अब जीवित नहीं हैं। इस संबंध में वे अपनी ओर से जांच कर रहे हैं। दिलबंधु के आवेदन और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दिलबंधु की शिकायत के बाद प्रशासन इस मामले की जांच कर रहा है। सवाल यह उठता है कि आखिर क्यों और कैसे दिलबंधु जैसे जीवित व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया? क्या इसके पीछे कोई षड्यंत्र है? क्या भूमि अधिग्रहण के दौरान सरकारी कागजात में गड़बड़ी की गई है? इन सवालों का उत्तर मिलने में अभी समय लग सकता है। दिलचस्प होगा देखना कि प्रशासन क्या कदम उठाता है और दिलबंधु को न्याय दिलाने में कितनी तत्परता दिखाता है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

