भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां स्मृति नगर पुलिस चौकी पर गुस्साई भीड़ ने पथराव कर दिया। इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया।
क्या है पूरा मामला?
मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार करीब 33 दिन पहले स्मृति नगर पुलिस ने लूट के एक मामले में पिंटू नेताम नामक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। रविवार को उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद उसे रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जब यह खबर पिंटू के परिजनों और डेरा बस्ती के लोगों तक पहुंची, तो वे बड़ी संख्या में स्मृति नगर चौकी पर जमा हो गए। उनका आरोप था कि पुलिस ने पिंटू के साथ मारपीट की, जिसकी वजह से उसकी तबीयत खराब हुई।
कैसे बिगड़ी स्थिति?
आरोप-प्रत्यारोप के बीच माहौल गर्म हो गया, और अचानक भीड़ ने चौकी पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों को चोटें आईं और चौकी को भी नुकसान पहुंचा। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और भीड़ को तितर-बितर किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना के बाद आस-पास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। वरिष्ठ अधिकारी, सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए घटनास्थल पर मौजूद रहे। फिलहाल, हालात नियंत्रण में हैं, और पुलिस इस घटना की जांच कर रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

