भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : उत्तर प्रदेश के झांसी से दिल्ली के लिए यात्रा कर रहे एक यात्री के साथ ट्रेन में हुई एक अनोखी घटना ने सभी का ध्यान खींचा। झांसी से दिल्ली की ओर जा रही दादर-अमृतसर एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे भगवानदास नामक यात्री को जनरल कोच में सांप ने डस लिया, जिससे कोच में भगदड़ मच गई। घटना के वक्त ट्रेन डबरा और ग्वालियर के बीच चल रही थी। सांप के डसते ही भगवानदास की चीख सुनकर अन्य यात्रियों में दहशत फैल गई, और वे घबरा कर इधर-उधर भागने लगे।
भगवानदास, जो कि मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले का निवासी है, खजुराहो-झांसी मेमू से झांसी पहुंचा था और वहां से दिल्ली के लिए दूसरी ट्रेन पकड़ी थी। घटना के बाद किसी यात्री ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर संपर्क कर रेलवे प्रशासन को स्थिति की जानकारी दी। ट्रेन ग्वालियर पहुंचने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने भगवानदास को उतारकर एम्बुलेंस से तुरंत ग्वालियर के मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां उसकी चिकित्सा की जा रही है।
रेलवे के पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने इस घटना पर कहा कि आमतौर पर ट्रेन में सांप नहीं मिलते, इसलिए यह मामला किसी अराजक तत्व द्वारा रची गई साजिश का प्रतीत होता है। उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने जानबूझकर सांप को कोच में छोड़ा हो सकता है। रेलवे ने इस घटना की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इस पूरी घटना ने यात्रियों के बीच सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं और रेलवे प्रशासन ने इस घटना को संज्ञान में लेते हुए अपनी निगरानी और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की बात कही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

