भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के रायपुर केंद्रीय जेल में जल्द ही एक नया रेडियो स्टेशन शुरू किया जाएगा, जिसका उद्देश्य कैदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और उन्हें मानसिक शांति प्रदान करना है। इस अनूठी पहल का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इसी महीने करेंगे, जिसमें जेल मुख्यालय ने पूरी तैयारी कर ली है।
रेडियो स्टेशन का नाम ‘उमंग-तरंग’ रखा गया है और यह विशेष रूप से कैदियों के मनोरंजन और तनाव को दूर करने के लिए डिजाइन किया गया है। इस स्टेशन के माध्यम से कैदी न केवल गाने गाएंगे बल्कि प्रेरणादायक संदेश भी देंगे। इसके साथ ही, देश-दुनिया के समाचार और विशेष कार्यक्रम भी प्रसारित किए जाएंगे, जिनमें कैदियों के पसंदीदा गानों की फरमाइशें भी शामिल होंगी।
इस रेडियो स्टेशन का संचालन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे और शाम को 4 बजे से रात 8 बजे तक किया जाएगा। प्रत्येक सुबह इसकी शुरुआत फिल्म *दो आंखें बारह हाथ* के प्रसिद्ध गीत ‘ऐ मालिक तेरे बंदे हम’ से होगी, जिससे एक प्रेरणादायक माहौल बन सके। इसके बाद, देश-दुनिया के प्रमुख समाचारों का वाचन और अन्य प्रेरक कार्यक्रमों का प्रसारण किया जाएगा।
जेल प्रशासन ने इसके संचालन के लिए विशेष तौर पर माइक, स्पीकर, केबल और समाचार पत्रों की व्यवस्था की है, जो हर बैरक तक तारों के माध्यम से जोड़ा जाएगा ताकि सभी कैदी इसे सुन सकें। कार्यक्रमों पर नजर रखने के लिए जेल प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि कोई भी आपत्तिजनक सामग्री या तनाव बढ़ाने वाले कार्यक्रमों को प्रसारित न होने दिया जाए।
कैदियों की टीम बनाएगी कार्यक्रम
रेडियो संचालन के लिए एक विशेष टीम भी तैयार की जा रही है, जिसमें उन कैदियों को शामिल किया जाएगा जो रेडियो प्रोग्रामिंग और अन्य तकनीकी गतिविधियों के लिए प्रशिक्षित होंगे। यह टीम हर त्योहार और विशेष अवसर पर कार्यक्रमों की योजना बनाएगी और कैदियों की फरमाइश के अनुसार गाने प्रस्तुत करेगी।
यह रेडियो स्टेशन कैदियों के जीवन में सकारात्मकता और नए आत्मविश्वास का संचार करने का एक प्रयास है। जगदलपुर केंद्रीय जेल में 2021 से संचालित इसी तरह के रेडियो स्टेशन की सफलता को देखते हुए, रायपुर जेल में भी इस पहल को शुरू किया जा रहा है।
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI






