भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : इंदौर, मध्य प्रदेश - एक भावनात्मक और प्रेरणादायक घटना में इंदौर में एक महिला के ब्रेन डेड होने के बाद उसकी किडनी और आंखें दूसरों को नई जिंदगी देने के लिए दान की गईं। शुक्रवार शाम को इंदौर में इस अंगदान के लिए दो ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए, जो इंदौर का 58वां ग्रीन कॉरिडोर था। यह अंगदान इसलिए भी खास था क्योंकि पति-पत्नी दोनों ही एक ही दुर्घटना में घायल हुए थे और एक ही अस्पताल में पास-पास भर्ती थे।पति ने पत्नी की मांग में सिंदूर भरकर उन्हें आखिरी विदाई दी|मार्मिक दृश्य देखकर हर किसी की आँखे नम थी|
44 वर्षीय मनीषा राठौर और उनके पति भूपेंद्र राठौर भाई दूज के दिन अपनी ननद के घर इंदौर आए थे। लौटते समय, मक्सी रोड पर उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें मनीषा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें सीएचएल अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। 6 नवंबर को मनीषा को ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया।
इस कठिन परिस्थिति में भी मनीषा के पति भूपेंद्र ने बड़ा निर्णय लेते हुए उनकी किडनी और आंखें दान करने की इच्छा जताई। ऑर्गन्स को-ऑर्डिनेटर जीतू बगानी और संदीपन आर्य ने इस प्रयास को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 72 घंटे के कठिन प्रयासों के बाद, परिजनों की सहमति से अंगदान की प्रक्रिया पूरी हुई।
पहला ग्रीन कॉरिडोर सीएचएल अस्पताल से राजश्री अपोलो अस्पताल तक बनाया गया। शाम 6:45 बजे एम्बुलेंस से किडनी रवाना की गई और पांच मिनट में 6:52 बजे राजश्री अपोलो अस्पताल पहुंची। इसी प्रकार, दूसरा ग्रीन कॉरिडोर सीएचएल अस्पताल से एमिनेंट अस्पताल तक बना, और किडनी सात मिनट में वहां पहुंच गई।
मनीषा के इस त्याग ने शाजापुर में परिवार और समाज को इतना प्रेरित किया कि उन्होंने अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए कई जगहों पर पोस्टर्स लगाए और लोगों से अंगदान के लिए आगे आने की अपील की। मनीषा की अंतिम यात्रा शाजापुर में रथ में निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
मनीषा के पति भूपेंद्र, जो एक शिक्षक हैं, और बेटी, जो पुणे में एक आईटी कंपनी में काम करती हैं, दोनों ने इस कठिन घड़ी में अंगदान का निर्णय लिया। भूपेंद्र और उनकी बेटी का मानना है कि मनीषा का अंगदान किसी के जीवन में रोशनी लाएगा और समाज को भी इस प्रकार के कार्य के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि किसी के जीवन को नया मौका देने से बढ़कर कुछ नहीं हो सकता और सभी को इस पुण्य कार्य के लिए आगे आना चाहिए।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

