भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। गोंदिया स्टेशन पर खड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस के टॉयलेट में भिलाई के युवक जगबंधु साव उर्फ जग्गू की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। मामले में कई पेंच सामने आए हैं। नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मामला आत्महत्या का है या इसमें कोई और पहलू छिपा है। घटना के बाद से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही मृतक की वॉइस रिकॉर्डिंग ने मामले को और जटिल बना दिया है।
वायरल वॉइस रिकॉर्डिंग: प्रेम-प्रसंग और प्रताड़ना के आरोप
जग्गू ने अपनी मौत से पहले अपने दोस्त सन्नी को भेजे वॉइस मैसेज में चार लोगों - अश्विनी, अनिता, मनीषा, और सचिन - पर मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। रिकॉर्डिंग में उसने कहा कि अश्विनी उसे धमकाती थी कि वह उसके परिवार के सामने उसे बेइज्जत करेगी और उसकी पुलिस में भर्ती के सपने को नष्ट कर देगी। तीन साल से इन धमकियों और ब्लैकमेल का सामना करते-करते वह थक गया था।
परिजनों का आरोप
मृतक के परिजनों ने जग्गू की वॉइस रिकॉर्डिंग और उसमें लगाए गए आरोपों को सार्वजनिक करते हुए पुलिस से न्याय की मांग की है। उनका कहना है कि जग्गू आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता। अगर उसने यह कदम उठाया भी है, तो इसके पीछे प्रताड़ना के कारण हैं।
29 वर्षीय जग्गू भिलाई स्टील प्लांट में ठेका श्रमिक के रूप में काम करता था। वह अपने परिवार का इकलौता सहारा था। दो दिन पहले वह सेक्टर-6 में एक शादी समारोह में गया था, जिसके बाद घर नहीं लौटा। घटना के बाद उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भिलाई के कोतवाली थाना में दर्ज कराई गई थी।
घटना का विवरण
गोंदिया स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस के टॉयलेट में जग्गू का शव गमछे से लटकता हुआ मिला। पुलिस ने मृतक की जेब से मिले कागज पर लिखे नंबर पर फोन कर परिजनों को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि घटना स्थल से बरामद साक्ष्य और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट जांच को आगे बढ़ाने में मदद करेंगे।
सोशल मीडिया पर चर्चा और पुलिस की प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वॉइस मैसेज में मृतक ने कतिथ युवती द्वारा प्रताड़ित करने की बात कही है| पुलिस ने इस वॉइस रिकॉर्डिंग की जांच शुरू कर दी है। नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी ने कहा है कि रिकॉर्डिंग की सत्यता की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

