छत्तीसगढ़ के सिम्स मेडिकल कॉलेज में हड़कंप: डॉक्टर के थप्पड़ से आहत छात्र ने आत्महत्या की कोशिश, छात्रों का फूटा गुस्सा...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में बुधवार को एक दिल दहलाने वाली घटना घटी, जिसने मेडिकल छात्रों और शिक्षकों के बीच तनावपूर्ण माहौल पैदा कर दिया। एमबीबीएस सेकंड ईयर के एक छात्र ने कक्षा में विवाद के बाद आत्महत्या का प्रयास किया।  

मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सुबह की कक्षा के दौरान, डॉ. तरुण सिंह ठाकुर छात्रों को पढ़ा रहे थे। इसी बीच, कमलेश्वर नायक नामक छात्र के साथ उनका विवाद हो गया। बहस के दौरान डॉ. तरुण ने कमलेश्वर को थप्पड़ मार दिया। इससे आहत होकर कमलेश्वर कक्षा छोड़कर अपने हॉस्टल चला गया।  

दोपहर लगभग 2 बजे कमलेश्वर ने आत्महत्या का प्रयास करते हुए अपनी कलाई और गले की नस काट ली। खून बहने से उसकी स्थिति गंभीर हो गई। साथी छात्रों ने तुरंत उसे अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में पहुंचाया, जिससे पूरे संस्थान में अफरा-तफरी मच गई।  

कमलेश्वर को ट्रायएज यूनिट में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी चोटें गहरी हैं और स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना पाकर छात्र के माता-पिता सिम्स पहुंचे। उन्होंने अपने बेटे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर के बड़े अस्पताल में स्थानांतरित करने की मांग की है।  

घटना के बाद मेडिकल छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने डॉ. तरुण सिंह ठाकुर के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सिम्स प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे।  

सिम्स प्रबंधन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई है। प्रशासन पर दबाव है कि वह घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करे।  

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI