बिदाई के समय हुई हर्ष फायरिंग में दुल्हन को सिर में लगी गोली, गंभीर रूप से घायल दुल्हन अस्पताल में भर्ती...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : पंजाब के फिरोजपुर जिले के खाई फेमे गांव में एक शादी समारोह के दौरान दुखद घटना घटी, जब हर्ष फायरिंग के दौरान गोली दुल्हन के सिर में लग गई। रविवार को हो रही इस शादी में रिश्तेदार खुशी में हवाई फायरिंग कर रहे थे, तभी एक गोली दुल्हन बलजिंदर कौर के सिर में जा लगी। इस घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और सभी की खुशी मातम में बदल गई। 

दुल्हन को गंभीर रूप से घायल देख परिवारवाले सकते में आ गए। तुरंत उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टर उसकी चिकित्सा में जुटे हुए हैं, जबकि परिवार और मेहमान उसकी जल्द ठीक होने की प्रार्थनाएं कर रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज जब्त किए हैं। हालांकि, गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

पुलिस उपाधीक्षक सुखविंदर सिंह ने कहा कि घटना की पूरी जांच की जा रही है। यह घटना इस बात की चेतावनी है कि हर्ष फायरिंग जैसे अनियंत्रित कृत्य न केवल खुशी के मौके को खराब कर सकते हैं, बल्कि किसी की जान भी खतरे में डाल सकते हैं।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI