भिलाई ब्रेकिंग : BSP में भयंकर हादसा: कार्बन मोनोऑक्साइड गैस रिसाव से 3 मजदूर चपेट में आकर हुए बेहोश ,तीनों का ईलाज जारी, एक की हालत गंभीर...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में एक गंभीर हादसा हो गया, जहां कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के रिसाव ने तीन मजदूरों की जान को खतरे में डाल दिया। प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस 6 में चल रहे रिपेयरिंग कार्य के दौरान स्टोव नंबर 18 में अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे वहाँ मौजूद तीन मजदूर—मोहम्मद मेराज, हरिचरण, और मोहन लाल गुप्ता—बेहोश हो गए।

जैसे ही हादसा हुआ, प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल ही सभी तीनों मजदूरों को रेस्क्यू करके प्लांट की मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया। मजदूरों की स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें पंडित जवाहरलाल नेहरू सेक्टर 9 अस्पताल में भेजा गया, जहां एक मजदूर की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।

कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के स्तर की मानक सीमा 50 पीपीएम (पार्ट्स पर मिलियन) होती है, लेकिन रिसाव के कारण यह स्तर अचानक 150 पीपीएम तक बढ़ गया, जिससे मजदूरों की सेहत पर गंभीर प्रभाव पड़ा। यदि तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन न किया गया होता, तो यह घटना और भी भयावह रूप ले सकती थी।

घटना की जानकारी मिलते ही BSP प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच प्रारंभ की। हालांकि गैस रिसाव का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है|

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI