भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में फिर एक बार बड़ी अशांति का माहौल बन गया है। दिवाली के दौरान हुए इस बवाल में कबीर पंथ के गुरु प्रकाश मुनि साहेब के आश्रम दामाखेड़ा में जमकर हंगामा हुआ। घटना बीती रात हुई जब कुछ उपद्रवियों ने आश्रम में प्रवेश कर पटाखे फोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान उन्होंने जलता हुआ बम फेंका और पत्थरबाजी भी की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गृहमंत्री विजय शर्मा और पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा रात में ही आश्रम पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
घटना की जानकारी और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह मामला सिमगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। पुलिस के अनुसार, रात लगभग 9:45 बजे दुर्गेश देवांगन और प्रताप साहू सहित अन्य आरोपी लाठी-डंडों और बम-पटाखों के साथ आश्रम में जबरन घुस गए। वहां उन्होंने प्रकाश मुनि साहेब और अन्य अनुयायियों को जान से मारने की धमकी दी, अपशब्द कहे, और बम-पटाखों से हमला कर दिया। इसके बाद पत्थरबाजी भी की गई, जिससे आश्रम परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल धारा 191(2), 193(3), 190, 331, 296, 351(3), और 298 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया। घटना के बाद 11 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।
पूर्व के विवाद और सरपंच पति पर लगे आरोप
इस घटना से जुड़े विवाद का इतिहास भी सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, आश्रम पर हमले में संलिप्त मुख्य आरोपी में से एक दामाखेड़ा के सरपंच का पति भी है, जो फिलहाल फरार है। इससे पहले भी इस पर भ्रष्टाचार का आरोप लग चुका है|
जब संस्कृति विभाग द्वारा मेले के लिए दिए गए दस लाख रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आया था। इस मामले में जनपद पंचायत सिमगा के तत्कालीन सीईओ और सरपंच पति सहित अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी भी हुई थी, जिसके बाद से विवाद बढ़ता ही गया।
स्थिति नियंत्रण में, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद सिमगा थाना क्षेत्र की पुलिस ने आश्रम की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। एडिशनल एसपी ऐश्वर्या चंद्राकर ने बताया कि वर्तमान में स्थिति शांतिपूर्ण है और नियंत्रण में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
इस घटना ने बलौदाबाजार में एक बार फिर से तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी है, और प्रशासन पूरी तत्परता से मामले को सुलझाने में जुटा है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI






