भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के राजिम क्षेत्र में एक नवविवाहित महिला, नेहा यादव ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस द्वारा की गई जांच के दौरान मिले सुसाइड नोट ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है, जिसमें नेहा ने अपने ससुर और पति पर मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना की शुरुआत नेहा यादव के विवाह से होती है, जिसकी शादी तीन महीने पहले ही गिरधारी यादव से सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। शुरुवात में तो सब ठीक था परंतु यह सुख केवल कुछ ही समय के लिए था। जानकारी के मुताबिक, 6 नवंबर को नेहा, धान की कटाई के लिए गांव के ही लोमष मानिकपुरी के खेत पर गई थी और लगभग शाम 4:30 बजे अपने घर लौटी। नेहा का पति गिरधारी उसी समय किसी निजी कार्य के लिए दूसरे गांव गया हुआ था।
शाम 7 बजे जब गिरधारी घर लौटा, तो उसने दरवाजा बंद पाया। उसने कई बार आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया, परंतु अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। उसने गांव के सरपंच और कोटवार को बुलाया और मिलकर दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर का नजारा देखते ही सबके होश उड़ गए; नेहा का शव छत पर लगे हुक से लटका हुआ था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा।
सुसाइड नोट में हुए खुलासे
जांच के दौरान, पुलिस को मृतिका के पास से एक सुसाइड नोट मिला। इस सुसाइड नोट में नेहा ने अपने ससुर विष्णु यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि उसका ससुर उसकी इज्जत लूटने का प्रयास कर रहा था। यह बात उसके पति गिरधारी को भी पता थी, परंतु उसने इस विषय पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। पति की इस उदासीनता और ससुर की लगातार बढ़ती प्रताड़ना से तंग आकर नेहा ने यह खौफनाक कदम उठाया।
पुलिस ने सुसाइड नोट और पड़ोसियों की गवाही के आधार पर ससुर विष्णु यादव और पति गिरधारी यादव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। उनके खिलाफ BNS की धारा 108 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विवाह के बाद महिलाओं का ससुराल में रहना उनके लिए सुरक्षित और सम्मानजनक होना चाहिए, परंतु इस प्रकार की घटनाएं समाज में मौजूद गहरी समस्याओं को उजागर करती हैं। ऐसी घटनाओं से महिलाओं की सुरक्षा के लिए नए सिरे से कानूनी और सामाजिक कदम उठाने की आवश्यकता महसूस होती है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

