भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ में राशनकार्ड धारकों के लिए अहम खबर सामने आई है। राज्य में लगभग 4 लाख 11 हजार राशनकार्डधारी रहस्यमय तरीके से लापता हैं, जिनमें अकेले राजधानी रायपुर से 62 हजार से अधिक लोग शामिल हैं। खाद्य विभाग ने चेतावनी दी है कि 31 अक्टूबर तक यदि ये कार्डधारी अपना सत्यापन नहीं कराते, तो उनका राशनकार्ड ब्लॉक कर दिया जाएगा और इसके बाद उन्हें सरकारी अनाज नहीं मिल सकेगा।
सत्यापन की स्थिति और आंकड़े
मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार खाद्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर में कुल 6 लाख 1 हजार 735 राशनकार्डधारी हैं, जिनमें से 62 हजार 966 कार्डधारी अब तक सत्यापन कराने नहीं पहुंचे हैं। प्रदेश में आठ महीनों से चल रहे सत्यापन अभियान में 4 लाख से अधिक कार्डधारियों ने बार-बार की गई अपीलों के बावजूद सत्यापन नहीं कराया है।
राज्य भर में अब तक 94.69% राशनकार्डों का सत्यापन हो चुका है, जबकि रायपुर में यह संख्या 89.45% पर है। सत्यापन की तिथि को पांच बार बढ़ाने के बावजूद अनेक कार्डधारियों ने इसमें भाग नहीं लिया, जिससे उन्हें अपात्र मानते हुए उनके कार्ड को ब्लॉक करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
सत्यापन न कराने पर राशन नहीं मिलेगा
खाद्य विभाग की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि अब अंतिम तिथि को बढ़ाया नहीं जाएगा। जो कार्डधारी राशन लेने आएंगे, उनसे सत्यापन कराने के लिए कहा जाएगा। विभाग को आशंका है कि सत्यापन न कराने वाले ये कार्ड बोगस हो सकते हैं। यदि एक बार कार्ड ब्लॉक हो गया, तो बिना सत्यापन के राशनकार्ड को फिर से शुरू नहीं किया जाएगा।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की स्थिति
शहरी क्षेत्रों में सत्यापन की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी है, जहां 79.19% लोगों ने आवेदन जमा किए हैं। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में 93% से अधिक कार्डधारियों का सत्यापन हो चुका है। प्रचार-प्रसार, मुनादी और जागरूकता अभियान चलाने के बावजूद लाखों परिवारों ने अब तक नवीनीकरण के लिए आवेदन नहीं किया है।
कुल राशनकार्ड की संख्या और सत्यापन प्रक्रिया
प्रदेश में कुल 76 लाख 83 हजार 426 राशनकार्डधारी हैं, जिनमें से 71 लाख 1 हजार 332 कार्डों का प्रिंटिंग कार्य पूरा हो चुका है। राशन दुकानों और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सत्यापन प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाया गया है, वहीं नए राशनकार्ड का वितरण नगरीय निकायों के माध्यम से किया जा रहा है।
यह सत्यापन अभियान सुनिश्चित करेगा कि वास्तविक लाभार्थियों को ही खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ मिल सके और नकली या गैर-जरूरी कार्डधारियों की पहचान की जा सके।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI






