भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में हाल ही में कुछ घटनाएं सामने आई हैं, जो महिलाओं की सुरक्षा और उनके प्रति अपराध की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाती हैं। कोंडागांव जिले में एक महिला के साथ हुई भयानक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। यह मामला एक युवती से जुड़ा है जिसे दोस्ती के जाल में फंसाकर पहले तो उसका विश्वास जीता गया, फिर उसे बंधक बनाकर कई महीनों तक शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का शिकार बनाया गया। इस मामले ने बस्तर क्षेत्र में अपराध की बढ़ती दर और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पहली घटना: बंधक बनाकर किया गया शोषण
कोंडागांव जिले के एक छोटे से गांव की रहने वाली युवती ने बताया कि एक अनजान युवक ने उसे लगातार कॉल करना शुरू किया। युवती ने उसे कई बार इग्नोर किया और नंबर ब्लॉक किया, लेकिन उसने अलग-अलग नंबरों से कॉल जारी रखी। धीरे-धीरे बात बढ़ी और आरोपी ने दोस्ती का झांसा देकर युवती के साथ संबंध बनाने की कोशिश की। एक दिन, जब युवती इलाज के लिए कोंडागांव गई थी, तब आरोपी वहां भी पहुंच गया और उसे एक सुनसान स्थान पर ले जाकर धमकाया। आरोपी ने उसकी गर्दन पर कांच की बोतल फोड़कर उसे बस में बैठाकर मुंबई ले गया।
मुंबई पहुंचने पर युवती को एक अंधेरे कमरे में बंधक बना दिया गया। आरोपी ने उसे किसी से संपर्क नहीं करने दिया और कई बार उसके साथ मारपीट भी की। उसके मोबाइल को जब्त कर लिया गया और परिजनों को यह झूठा संदेश भेजा कि वह सुरक्षित है और एक लड़के से शादी करने जा रही है। बंधक बनाकर रखने के दौरान आरोपी ने उसके प्राइवेट पार्ट पर केमिकल डालकर जलाने जैसे अमानवीय कृत्य किए। एक दिन, जब आरोपी काम पर गया तो उसने गलती से अपना मोबाइल कमरे में छोड़ दिया। युवती ने मौके का फायदा उठाकर आरोपी के मालिक को फोन कर आपबीती सुनाई। मालिक ने उसे छुड़वाने की योजना बनाई और उसे भागने का मौका दिया।
युवती किसी तरह रेलवे स्टेशन पहुंची और ट्रेन में सवार हो गई। सफर के दौरान टिकट निरीक्षक (टीटी) ने उसकी सहायता की। रायपुर स्टेशन पर व्यापारियों ने उसे रिसीव किया और कोंडागांव भेज दिया, जहां उसने अपने परिजनों को सारी घटना बताई। फिलहाल, युवती का जिला अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय है।
दूसरा मामला: दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग
बस्तर में अपराध के अन्य मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। एक अन्य युवती को भी एक युवक ने अपने जाल में फंसाया, उससे संबंध बनाए, और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू किया। युवक ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को डराने की कोशिश की। मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई, आरोपी को जेल भेजा गया, लेकिन युवती को अब भी धमकियां मिल रही हैं और उसका पीछा किया जा रहा है।
तीसरा मामला: छेड़छाड़ और धमकियां
कोंडागांव जिले की ही एक अन्य महिला ने बताया कि उसे काम पर जाते वक्त और घर लौटते समय अज्ञात लोग सुनसान जगहों पर परेशान करते हैं। मनचले युवक उसका पीछा करते हैं और जब वह विरोध करती है, तो जान से मारने की धमकियां मिलती हैं। जिले में हाल ही में कई अजनबी चेहरे देखे गए हैं, जिनकी हरकतों से शहर का माहौल बिगड़ रहा है।
इस मामले में माकड़ी थाना क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल ने बताया कि डेढ़ साल पहले फिरोज नाम का युवक युवती को मुंबई लेकर गया था। युवती और उसके परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक पुलिस टीम को मुंबई भेजा गया है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

