भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग , सूरजपुर में हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख की पत्नी और बेटी की हत्या के मामले में कार्रवाई जारी है। इस घटना में सूरजपुर एसपी ने एक आरक्षक को बर्खास्त कर दिया है। यह कदम आईजी द्वारा गठित जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर उठाया गया। मुख्य आरोपी कुलदीप साहू, जो जिलाबदर होने के बावजूद सूरजपुर में रह रहा था, को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। जांच में खुलासा हुआ कि बर्खास्त आरक्षक ने हत्या के बाद आरोपी के दो सहयोगियों से लगभग 20 बार फोन पर संपर्क किया और आरोपी के घर से 2 लाख रुपये निकलवाने में मदद की।
प्रमुख आरोपी और उनकी गिरफ्तारी
मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी कुलदीप साहू के साथ एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सीके चौधरी, रिंकू सिंह, और सूरज साहू को गिरफ्तार किया था। जांच में पता चला कि कुलदीप साहू, सीके चौधरी, और रिंकू सिंह ने तालिब शेख के घर में घुसकर उनकी पत्नी और बेटी की हत्या की। इसके बाद शवों को पांच किलोमीटर दूर ले जाकर फेंक दिया गया था।
जांच समिति की रिपोर्ट और प्रशासनिक कार्रवाई
आईजी अंकित गर्ग ने मामले की जांच के लिए कोरिया एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर और बलरामपुर के एसडीओपी एमानुएल लकड़ा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम बनाई। जांच में खुलासा हुआ कि सूरजपुर पुलिस के कुछ कर्मियों ने मुख्य आरोपी कुलदीप साहू को संरक्षण दिया और सहायता पहुंचाई।
आरक्षक प्रदीप साहू की भूमिका
जांच के बाद सूरजपुर थाने में तैनात आरक्षक प्रदीप साहू को बर्खास्त कर दिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदीप साहू ने हत्या के बाद कुलदीप साहू की मां रीता साहू और सह-आरोपी सूरज साहू के बीच संपर्क स्थापित किया। साथ ही उसने संतोष साहू को बुलाकर आरोपी के घर से 2 लाख रुपये निकलवाने में भी मदद की।
जांच में यह भी सामने आया कि जिलाबदर की अवधि के दौरान कुलदीप साहू कई बार सूरजपुर में देखा गया। प्रदीप साहू को इस बात की जानकारी होने के बावजूद उसने कोई कार्रवाई नहीं की। हत्या के अगले दिन, 14 अक्टूबर को, प्रदीप साहू ने सूरज साहू से दो बार और संतोष साहू से 18 बार फोन पर बात की। इन दोनों के बीच भी 8 बार बातचीत हुई थी। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने कुलदीप साहू के घर को आग के हवाले कर दिया था।
मां रीता साहू का बयान
कुलदीप साहू की मां रीता साहू ने भी यह स्वीकार किया कि घटना से पहले और बाद में आरक्षक प्रदीप साहू से उनकी बातचीत होती रही थी।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

